15 जून तक अवैध कॉलोनियों पर करें प्रभावी कार्यवाही: अपर आयुक्त राव
ग्वालियर। सभी भवन अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में बनी अवैध कॉलोनियों के निर्माण कार्यों पर प्रभावी कार्य करें तथा 15 जून तक अवैध कॉलोनियों पर पुलिस प्रकरण दर्ज करायें। उक्ताशय के निर्देश अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने समीक्षा बैठक के दौरान सभी भवन अधिकारियों एवं सिटी प्लानर को दिए।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने अवैध कॉलोनियों पर की जा रही कार्यवाही को लेकर जानकारी ली तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 जून तक प्रभावी कार्यवाही करें। इसके साथ ही नाले पर बने अतिक्रमण को लेकर विधानसभावार चर्चा करते हुए कहा कि नालों पर जो भी अतिक्रमण हैं उनकी सूची शुक्रवार तक बनाकर दें तथा उन पर कार्यवाही करें। जिससे नालों के बहाव क्षेत्र में कोई रुकावट उत्पन्न न हो। इसके साथ ही भयप्रद भवनों को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि सभी क्षेत्राधिकारी एवं भवन अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में यदि कोई भयप्रद भवन हैं तो उनको खाली करा लिया जाए तथा अन्य आवश्यक कार्यवाही भी करें, इस कार्य में लापरवाही कतहीं न करें। अन्यथा कड़ी कार्यवाही होगी। इसके साथ ही शहर में जो भ कंस्ट्रक्शन साइड चल रही हैं संबंधित क्षेत्राधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उन सभी पर ग्रीननेट आवश्यक रूप से लगी हो।
इसके साथ ही सीएंडडी वेस्ट पर चालान की कार्यवाही की धीमि गति को देखते हुए नाराजगी व्यक्त की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएंडडी वेस्ट पर प्रतिदिन चालान करें और इसकी साप्ताहिक रिपोर्ट मुझे दें। वहीं एबी पास के माध्यम से भवन अनुज्ञा के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जोन वार भवन अनुज्ञा प्रकरणों की जानकारी ली तथा सभी क्षेत्राधिकारियो को निर्देशित किया कि जो भी भवन अनुज्ञा के प्रकरण लंबित है उन्हें तत्काल निराकृत करें एवं उनमें जो भी नियमानुसार कार्यवाही होनी है वह अवश्य करें । साथ ही रैन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।