क्रियेटिव हाउस प्रवीण के कारण अध्यक्ष प्रत्याशी नहीं उतारेगा, 5 पदों के प्रत्याशी चयनित
(विनय अग्रवाल)
ग्वालियर। मप्र चेंबर आफ कामर्स चुनावों के लिये अपने प्रत्याशी घोषित करने में अभी क्रियेटिव हाउस थोड़ा रूकेगा और कल की होने वाली कार्यकारिणी की बैठक के निर्णय के बाद ही अपने पत्ते खोलेगा। इधर यह भी पता चला है कि क्रियेटिव हाउस अभी केवल पांच पद संयुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव व कोषाध्यक्ष के प्रत्याशी ही घोषित करेगा। अध्यक्ष पद पर क्रियेटिव हाउस वर्तमान अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल के पैंतरे का इंतजार करेगा, यदि डा. प्रवीण अग्रवाल चुनाव लड़ेंगे तो क्रियेटिव हाउस अध्यक्ष पद पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगा।
कुल मिलाकर इस बार चेंबर चुनाव में घमासान के आसार है और क्रियेटिव हाउस शुरू से ही वेट एंड वाच की नीति पर चल रहा हैं। चेंबर चुनावों के लिये हालांकि व्हाईट हाउस ने अपने अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। इसमें व्हाईट हाउस ने अध्यक्ष पद पर पारस जैन, सचिव पद पर दीपक अग्रवाल व कोषाध्यक्ष पद पर मनोज अग्रवाल बाबा को उतारा है। जबकि संयुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सह सचिव पद पर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इसी को देखते हुये अभी क्रियेटिव हाउस के रणनीतिकार विजय गोयल, राधेश्याम भाकर, सुरेश बंसल व हेमंत गुप्ता अपनी प्लानिंग में लगे हैं। इसमे हेमंत गुप्ता अपने पुत्र को सहसचिव पद पर चुनाव लड़ाना चाहते हैं और विजय गोयल अपने भाई अजय गोयल को कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ाना चाह रहे हैं। जबकि सुरेश बंसल स्वयं संयुक्त अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने के फेर में हैं।
चेंबर सूत्रों के मुताबिक क्रियेटिव हाउस ने इस बार वर्तमान अध्यक्ष और व्हाईट हाउस के नेता डा. प्रवीण अग्रवाल का अध्यक्ष पद पर टिकट काट दिये जाने को गंभीरता से लिया है। क्रियेटिव के लोगों का मानना है कि यदि डा. प्रवीण अग्रवाल चेंबर अध्यक्ष का चुनाव लड़ते है तो हम अपना प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर नहीं उतारेंगे। क्रियेटिव के एक बड़े दिग्गज ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हमने पांच सीटों पर ही प्रत्याशी तय कर दिये है और कल कार्यकारिणी की बैठक में असाधारण सभा बुलाने का निर्णय होता है तो हम अभी प्रत्याशी घोषणा को रोकेंगे, क्योंकि व्यापारी अपना व्यापार करेगा या दो महीने प्रचार में लगेगा। व्यापारी के लिये व्यापार जरूरी है। क्रियेटिव हाउस के इस दिग्गज ने दावा किया कि डा. प्रवीण अग्रवाल की चेंबर चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी है, ऐसी खबर पुख्ता है। इसलिये हम अध्यक्ष पद पर समयानुसार ही रणनीति बनायेंगे।