अवैध रेत भंडारण के खिलाफ छापामार कार्रवाई, 200 घन मीटर रेत जब्त
ग्वालियर। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशन पर मंगलवार को खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टीम ने शताब्दी पुरम, नारायण विहार कॉलोनी एवं दीनदयाल नगर क्षेत्र में पाँच स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग 200 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित रेत पाई गई, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया है। खनिज विभाग द्वारा अवैध रेत भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा खनिज नियमों के प्रभावी पालन के लिए संबंधित विभागों को नियमित रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।