अपर आयुक्त ने किया कंट्रोल कमांड सेंटर से टिपर वाहनों का निरीक्षण
ग्वालियर। शहर की सफाई व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले डोर टू डोर टिपर वाहन सही से कार्य कर रहे हैं या नहीं इसका जायजा लेने के लिए मंगलवार सुबह अपर आयुक्त टी प्रतीक राव मोती महल स्थित कंट्रोल कमांड सेंटर पहुंचे। वहां से उन्होंने टिपर वाहनों की लाइव लोकेशन ली, जहां गाड़ी अधिक देर तक रूकी मिली, वहां पर तत्काल संबंधित अधिकारी को कॉल कर ड्राइवर और हेल्पर को काम में जुटने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैजाताल के पास बने सार्वजनिक शौचालय एवं सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को भी उन्होंने देखा।
शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे अपर आयुक्त टी प्रतीक राव कंट्रोल कमांड सेंटर पहुंचे। वहां से करीब 3 घंटे डोर टू डोर टिपर वाहनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को तेज गति एवं कुशलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सभी चैराहों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। कंट्रोल कमांड सेंटर से उन्होंने सभी टिपर वाहनों का लाइव निरीक्षण किया। इसके बाद बैजाताल के पास बने सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया और वहां पर सफाई व्यवस्था में कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने बैजाताल के पास बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया।