देश के विकास में नारी शक्ति निभा रही है महत्वपूर्ण भूमिकाः पूर्व महापौर
- दो दिवसीय अग्रवाल युवक युवती परिचय सम्मेलन का समापन
ग्वालियर। अग्रवाल परिचय सम्मेलन द्वारा दो दिवसीय युवक युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन तोरण वाटिका में किया गया। सम्मेलन में 600 परिवारों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपने विवाह योग्य बच्चों के रिश्तों को जोड़ने का प्रयास किया। शुक्रवार को समापन कार्यक्रम में पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल एवं चेंबर उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल और राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश ऐरन उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने कहा कि नारी शक्ति घर के साथ देश के विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं हैं। देश की राजनीति में भी महिलाएं आगे आये। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश ऐरन ने कहा कि आज रिश्तों को बचाये रखना बहुत जरूरी हो गया है। हद से ज्यादा रिश्ते टूट रहें हैं। रिश्ते टूटने की एक वजह मोबाइल भी है। परिवार में सामंजस्य को बनाए रखना दोनों परिवारों की जिम्मेदारी है। आज मंच पर ऐसे भी कई परिवार आये जिनके बच्चों की उम्र 30 वर्ष पार कर गई है। यह समाज के लिए अच्छी स्थिति नहीं है। विवाह के लिए मथुरा से आये मोहित अग्रवाल ने कहा कि पत्नी सर्विस करना चाहे तो करे लेकिन परिवार का भी पूरा ध्यान रखे। इसी तरह एक ओर परिवार दिल्ली से आये थे जिनके बीच बेटे की उम्र 33 वर्ष है। उनका भी यह कहना कि बहु को बेटी की तरह रखेंगे। मंच पर परिचय श्रीमती नीलम शाह, बबीता अग्रवाल, विनीता तायल, शैली अग्रवाल, पदमा अग्रवाल, श्रृद्धा गुप्ता ने कराया।