अपर आयुक्त ने किया निरीक्षण, गंदगी फैलाने वालों पर किया स्पॉट फाइन
ग्वालियर । अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने साफ सफाई व्यवस्था देखने के लिए ग्वालियर पूर्व एवं ग्वालियर विधानसभा में भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान गंदगी पाये जाने पर संबंधित को सफाई कराने के निर्देश दिए तथा जो दुकानदार गंदगी कर रहे थे उन पर स्पॉट फाइन कराया गया।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने शहर में स्थित बिरला नगर, मलगढा, संजय नगर फ्लाईओवर का भ्रमण कर साफ सफाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। इसके साथ ही बिरला नगर राठौर चौक मुख्य मार्ग पर कुटी बेचने वालों के द्वारा डिवाइडर पर कुटी डालकर गंदगी फैलाने पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित दुकानदारों पर 2000-2000 रूपये का जुर्माना किया गया। साथ ही निर्देश दिए कि मुख्य मार्गों पर लगे हुए बैनर पोस्टर को हटाया जाए। भ्रमण के दौरान दीनदयाल नगर मार्ग पर बनी दीवार पर पोस्टर लगाते हुए एक व्यक्ति को पकडा तथा उसको हिदायत दी कि अगर पुनः पोस्टर लगाया तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से लगे होर्डिंग पोस्टर को हटाने की कार्यवाही अभियान चलाकर की जाए। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में नाला सफाई एवं शौचालय निर्माण इत्यादि के कार्य का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।