बरसात से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करेंः संभागीय आयुक्त खत्री
ग्वालियर। आगामी मानसून (बरसात) और संभावित बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखकर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने सभी एहतियाती उपाय करने के निर्देश संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों एवं ग्वालियर नगर निगम आयुक्त को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बरसात से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। वर्षा ऋतु के दौरान जनहानि और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं प्राथमिकता से सुनिश्चित करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया है।
संभाग आयुक्त खत्री ने पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि संभाग के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर स्कूलों और जर्जर भवनों का सर्वे कराएं। साथ ही जीर्णशीर्ण भवनों में कक्षायें कदापि न लगाई जाएं और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिये पुख्ता इंतजाम किए जाएं। ऐसे क्षेत्र जहाँ बरसात के दौरान पहुंच बाधित हो सकती है, वहां पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न की उपलब्धता रखने के निर्देश भी उन्होंने दिए हैं। संभाग के सभी जिलों में तालाबों के वेस्ट वीयर की साफ-सफाई कराने तथा वहाँ मौजूद अतिक्रमण हटाने के निर्देश संभाग आयुक्त द्वारा दिए गए हैं। यह कार्रवाई पंचायत, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, सिंचाई विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों द्वारा बनाए गए तालाबों पर लागू होगी। संभाग आयुक्त ने कहा है कि जिन शहरों से नदी-नाले गुजरते हैं, वहाँ पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की बैठक आयोजित की जाएं। साथ ही आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर उसकी जानकारी संभागीय कार्यालय को भेजें।