पर्यावरण संरक्षण की दिशा में तेजी से बढता ग्वालियर नगर निगम
- ईफाइल में नगर निगम प्रदेश में दूसरे पायदान पर
ग्वालियर । पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा कागजों के उपयोग को सीमित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों में नगर निगम ग्वालियर भी तेजी से आगे बढ रहा है। नगर निगम ग्वालियर अब ज्यादा से ज्यादा फाइलों में कागजों का उपयोग खत्म कर उनके स्थान पर ई फाइल बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। मध्य प्रदेश के सभी नगर निगम में ग्वालियर इस समय ई-फाइल पर कार्य करने को लेकर दूसरे पायदान पर है।
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के सभी विभागों में ई-फाइल की व्यवस्था लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत नगर निगम ग्वालियर में ई-ऑफिस प्रणाली को लागू किया गया है। नगर निगम ग्वालियर के 276 अधिकारियों ने ई-ऑफिस पोर्टल पर अपना पंजीयन करा लिया है बल्कि ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य भी प्रारंभ कर दिया है। जबकि आने वाले 8 दिनों में 20 अन्य अधिकारियों का पंजीयन करा दिया जाएगा। निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार अब तकरीबन सभी विभागों के विभिन्न पत्रों, छुट्टी के आवेदनों, छोटी फाइलों का मूमेंट वरिष्ठ अधिकारियों के पास ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है।