कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में 135 आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई
ग्वालियर । कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में 135 आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आम नागरिकों को अपने चेम्बर में बुलाकर कुर्सियों पर बिठाया और एक-एक कर सभी की समस्यायें सुनीं। इसके अलावा कलेक्ट्रेट के सभागार में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व एडीएम सी बी प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जनसुनवाई में पहुँचे नागरिकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।
कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया। जनसुनवाई में कुल 135 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 35 आवेदन दर्ज किए गए। साथ ही शेष 80 आवेदन विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये आवश्यक टीप के साथ दिए गए।