सूर्या रोशनी लिमिटेड में मातृ दिवस के पावन अवसर पर रक्तदान महादान के संकल्प को चरितार्थ करते हुए एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जयारोग्य हॉस्पिटल एवं जीवन रक्षक संजीवनी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य समाज में सेवा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर के दौरान औद्योगिक जगत की सामाजिक भागीदारी का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहाँ सूर्या रोशनी के कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य उद्योगों जैसे नोवा (Nova) और सुप्रीम (Supreme) के कर्मियों ने भी बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। रक्तदाताओं के इस सामूहिक प्रयास के फलस्वरूप शिविर में कुल 162 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया गया, जो आपातकालीन समय में कई अनमोल जीवन बचाने में सहायक होगा। मंत्री ने युवाओं और कर्मचारियों के इस निस्वार्थ योगदान की सराहना करते हुए इसे मातृ दिवस का सबसे *उत्तम उपहार बताया। इस अवसर पर नगर परिषद मालनपुर के अध्यक्ष मुकेश किरार, महताब सिंह, सुरेंद्र शर्मा और मुरारी जी जैसे प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। डॉ अनीता आर्य जे.ए. हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों और डॉ आर के शुक्ला रि. डिप्टी डायरेक्टर (ईएसआईएस) ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूर्या रोशनी प्रबंधन ने मंत्री और सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।