रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन का इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भेंट किया
- रोटरी क्लब ग्वालियर के शपथ ग्रहण समारोह में ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य अतिथि होंगे
ग्वालियर। रोटरी क्लब ग्वालियर द्वारा स्थापित रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन ने इस वर्ष शिवपुरी में जो मेडीकल कैम्प किया था, उसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। एक ही स्थान पर इतने लंबे समय तक चलने वाले मेडीकल शिविर के रूप में यह दर्ज किया गया है। साथ ही इतने सारे पैशेंट एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों का जमावड़ा इंडिया में पहली बार रिकॉर्ड किया गया। आज जयविलास परिसर में रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, सचिव डॉ. प्रदीप पाराशर, कोषाध्यक्ष उदित चतुर्वेदी के साथ प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया को भेंट किया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में रोटरी के पूर्व प्रांतपाल डॉ. वीरेन्द्र कुमार गंगवाल, रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोहित जैन, आगामी अध्यक्ष डॉ. प्रियंबदा भसीन, उपाध्यक्ष शुभांगी चतुर्वेदी विशेष रूप से उपस्थित थे।
इस अवसर पर रोटरी क्लब की आगामी अध्यक्ष डॉ. प्रियंबदा भसीन ने जो एक जुलाई 2026 से अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करेंगी, शपथ ग्रहण समारोह में श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। इस संदर्भ में संचार मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया जी ने अपनी सहमति प्रदान की। आगामी जुलाई 2026 में शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में वे रोटरी क्लब ग्वालियर में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर उन्होंने रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन के पदाधिकारियों को शिविर आयोजित करने और इतने बड़े मिशन के लिए बधाई व धन्यवाद दिया एवं वर्ष 2027 के भी मेडीकल मिशन की तैयारियों प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा में रोटरी का योगदान सदैव रहा है और आगे भी रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन के माध्यम से हम शिवपुरी और ग्वालियर संभाग के जरूरतमंद लोगों की सेवा करेंगे।