समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूँ के वेयर हाउसों का निरीक्षण जारी
ग्वालियर। समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा वेयर हाउसों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर शनिवार को अधिकारियों की टीम ने विभिन्न वेयर हाउसों का निरीक्षण कर उपार्जित गेहूँ की गुणवत्ता और मात्रा का भौतिक मिलान किया।
सत्यापन के दौरान वेयर हाउसों में उपलब्ध गेहूँ की वास्तविक मात्रा का अभिलेखों में दर्ज विवरण से मिलान किया गया, ताकि उपार्जन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। इस अभियान के अंतर्गत ग्राम गधोटा एवं पिछोर स्थित वेयर हाउसों सहित जिले के अन्य गोदामों का निरीक्षण किया गया। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य किसानों द्वारा विक्रय किए गए गेहूँ के प्रत्येक दाने का सही रिकॉर्ड सुनिश्चित करना तथा उपार्जन एवं भंडारण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखना है। भौतिक सत्यापन से उपार्जित गेहूँ की मात्रा और गुणवत्ता की पुष्टि होने के साथ-साथ व्यवस्था में जवाबदेही भी सुनिश्चित हो रही है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने निर्देश दिए हैं कि समर्थन मूल्य उपार्जन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की नियमित निगरानी जारी रखी जाए और कहीं भी अनियमितता पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।उल्लेखनीय है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में ग्वालियर जिला प्रशासन उपार्जन केंद्रों से लेकर भंडारण व्यवस्था तक सतत निगरानी रखी जा रही है।