निगमायुक्त ने की राजस्व वसूली की समीक्षा, पिछले वर्ष की तुलना में कम वसूली पर जताई नाराजगी
ग्वालियर । निगम आयुक्त संघ प्रिय ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान वर्ष 2024-25 की तुलना में 2025-26 में राजस्व कम वसूली करने पर नाराजगी व्यक्त की तथा वित्तीय वर्ष में निर्धारित किए गए लक्ष्य के अनुरूप हर हाल में राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, उपायुक्त सुनील चौहान, कार्यालय अधीक्षक प्रमेन्द्र जादौन, सभी राजस्व टीसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024-25 में 8.58 करोड राजस्व प्राप्त हुआ था तथा वर्ष 2025-26 में 7.35 करोड राजस्व प्राप्त हुआ था। जिस पर निगमायुक्त संघ प्रिय ने नाराजगी व्यक्त की तथा गत वर्ष का राजस्व 30 जून तक वसूलने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही निर्देशित किया कि राजस्व वसूली के दौरान नकद या चेक से पेमेंट नहीं लेना है सिर्फ ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करना है तथा जितना भी राजस्व आता है उसका 24 घंटे में नगर पालिका के पोर्टल पर एंट्री करना है।राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 29 करोड राजस्व वसूली का लक्ष्य रखा हुआ। जिस पर निगमायुक्त संघ प्रिय ने निर्देशित किया तिमाही के हिसाब वसूली का टारगेट तय करें तथा संबंधित अधिकारी प्रत्येक माह राजस्व वसूली की समीक्षा भी करें।
बैठक में निर्देशित किया वर्ष 2025-26 में जिन दुकानों ने किराया नहीं दिया है उन पर प्रभावी कार्यवाही कर राजस्व वसूली करें। इसके साथ ही निर्देशित किया ऐसी दुकानें चिन्हित करें जो चल रहीं हैं तथा किराया नहीं दिया है एवं जो दुकानें खाली हैं और किराया नहीं है तो ऐसी दुकानों पर जो भी आवश्यक कार्यवाही हैं करें। साथ ही निर्देशित किया कि सात दिवस में रिक्त दुकानों की सूची बनाकर अवगत करायें। जिससे उन दुकानों के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की जा सके। बैठक में ट्रेड लाइसेंस की समीक्षा के दौरान कम ट्रेड लाइसेंस बने होने पर नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारियों का लक्ष्य निर्धारित कर ट्रेड लाइसेंस बनाने के साथ ही पुराने ट्रेड लाइसेंस को रिन्यूअल भी करें। बैठक में बेम्बू रेस्टोरेंट एवं पगोडा रेस्टोरेंट को किराए पर दिए जाने की प्रगति के बारे में जानकारी ली तथा शीघ्र आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने शहर में निगम द्वारा संचालित पार्कों के बारे में भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में लीज रेंट एवं लीज नवीनीकरण को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।