आपराधिक प्रकरणों के निराकरण में देरी गंभीर लापरवाहीः एसएसपी धर्मवीर सिंह
ग्वालियर। लंबित गंभीर अपराधों, महिला संबंधी अपराधों तथा एससी एसटी के लंबित प्रकरणों, व लंबित सीएम हेल्प लाइन की शिकायतों के संबंध में समीक्षा बैठक रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने पुलिस कन्ट्रोल रूम सभागार में ली गई। बैठक में अति. पुलिस अधीक्षक श्रीकृष्ण लालचंदानी सहित समस्त सीएसपी, एसडीओपी एवं जिले के थाना प्रभारीगण उपस्थित थे।
अपराध समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थानावार लंबित गंभीर अपराधों जिसमें विशेषकर हत्या के प्रकरणों की समीक्षा की और उनके लंबित रहने का स्पष्ट कारण जाना तथा अपराधों में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर प्रकरणों का निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लंबित अपराधों का समयसीमा में निकाल कर न्यायालय में चालान पेश किया जाए। इस अवसर पर उन्होंने जनवरी 2025 से पूर्व के लंबित चालानों की भी थानावार समीक्षा की गई और लंबित चालानों का स्टेटस जाना तथा थाना प्रभारियों को लंबित चालानों के शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित हत्या, हत्या का प्रयास, लूट एवं अन्य सम्पत्ति संबंधी प्रकरणों, महिला संबंधी अपराधों एवं एससी एसटी के अपराधों के निराकरण के लिये यथासंभव सार्थक रूप से प्रयास किये जाए और उक्त प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु थाना स्तर पर टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही की जाये। बैठक में उन्होंने गंभीर अपराधों के अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों का समयसीमा में निकाल न होने पर असंतोष जाहिर करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि अपराधों को अनावश्यक लंबित रखना गंभीर बात है इस प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुराने लंबित एससी एसटी के अपराधों व राहत प्रकरणों के निकाल के लिये गंभीरता से प्रयास किये जाने की जरूरत है। बैठक में उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी लंबित अपराधों के निकाल के लिये थाना स्तर पर विवेचकों की बैठक लेकर मॉनिटरिंग कर अधिक से अधिक लंबित अपराधों का जल्द निकाल करने का प्रयास करें। बैठक में एसएसपी ग्वालियर ने सीएसपी एवं एसडीओपी को अपने-अपने अधीनस्थ थानों में लंबित प्रकरणों के निकाल हेतु नियमित समीक्षा करने हेतु निर्देशित किया गया।