ग्वालियर। शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में आगामी 30 नवंबर से फूलबाग मैदान में आयोजित होने जा रही श्रीमद् भागवत कथा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कथा स्थल फूलबाग मैदान में भोजन समिति, पेयजल समिति, परिवहन समिति एवं स्वच्छता समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कार्यक्रम के सूत्रधार एवं न्यास के अध्यक्ष विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान विधायक डॉ. सिकरवार ने चारों समितियों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कथा में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। श्रद्धालुओं और बाहर से आने वाले भक्तों के लिए शुद्ध, सात्विक भोजन प्रसादी एवं पूरे कथा स्थल पर स्वच्छ पेयजल की निर्बाध उपलब्धता रहेगी। बैठक में डॉ. सतीश सिकरवार ने कहा कि यह आयोजन पूरे शहर की आस्था का केंद्र है, इसलिए सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा कि आगामी 30 नवंबर को सुबह 11 बजे भगवान अचलेश्वर महादेव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई धूमधाम के साथ कथा स्थल फूलबाग मैदान पहुंचेगी। इस कलश यात्रा में कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज मौजूद रहेंगे। बैठक में पारीक्षत बेताल सिंह गुर्जर, समाज सेवी महेश मुद्गल, उत्तम सिंह कुशवाह, राम पांडे, श्रीमती गायत्री मण्डेलिया, श्याम बंसल, डाॅ. राकेश अग्रवाल, रमेशचन्द्र गोयल, अवधेश कौरव, प्रतीक जैन ‘लालू’, सुधीर मण्डेलिया, बृजेश शुक्ला, पार्षद प्रमोद खरे, सुरेश प्रजापति, हिमांशु कीकन आदि मौजूद रहे।