पूर्णिमा पर खुले कार्तिकेय मंदिर के पट, दर्शनों के लिये उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

ग्वालियर। 417 साल पुराने जीवाजीगंज स्थित ऐतिहासिक भगवान कार्तिकेय मंदिर के पट सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात ठीक 12 बजे खोल दिए गए। साल में केवल एक बार कार्तिक पूर्णिमा पर खुलने वाले इस मंदिर में मंगलवार सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया। दर्शनों का सिलसिला रात 12 बजे तक चला। मान्यता है कि इस दिन भगवान कार्तिकेय के दर्शन करने से हर मनोकामना पूरी होती है। यही वजह है कि ग्वालियर-चंबल अंचल के अलावा दिल्ली, मुंबई, आगरा और दक्षिण भारत से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
जीवाजीगंज स्थित ऐतिहासिक भगवान कार्तिकेय मंदिर के पट रात 12 बजे खुलने के बाद सबसे पहले परिसर की साफ-सफाई और शुद्धिकरण किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान कार्तिकेय का अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया गया। पूरे साल में एक बार होने वाले दर्शनों के प्रतीक के रूप में मंदिर में 365 बत्तियों वाला विशेष दीपक प्रज्जवलित किया गया। इसके बाद सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए गए। मंदिर के पट खुलने के बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्त लंबी-लंबी कतारों में लगकर भगवान कार्तिकेय के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते देखे गये। मंदिर में सुंदरकांड का पाठ हुआ और भगवान को भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था।
मंदिर के पुजारी दिनेश अमित शर्मा ने बताया कि उनका परिवार सात पीढ़ियों से भगवान कार्तिकेय की सेवा कर रहा है। भगवान कार्तिकेय का जन्म कार्तिकेय नक्षत्र में हुआ था, इसलिए कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं की भगवान कार्तिकेय में गहरी आस्था है। यहां मांगी गई हर मुराद पूरी होती है।  

posted by Admin
11

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->