चाक की रफ्तार से बदली विक्रम की तकदीर


(हितेन्द्र सिंह भदौरिया)
ग्वालियर| जिन हाथों ने पीढ़ियों से मिट्टी को आकार दिया, उन्हीं हाथों को जब सरकार का संबल मिला तो हुनर रोजगार की रोशनी में बदल गया। ग्वालियर जिले की डबरा जनपद पंचायत के ग्राम अजयगढ़ निवासी श्री विक्रम प्रजापति की कहानी इसका जीवंत उदाहरण है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मिले प्रशिक्षण और ऋण सहायता ने उनके पारंपरिक मिट्टी के दीपक बनाने के व्यवसाय तो आगे बढ़ा ही है, साथ ही पूरे परिवार के भविष्य को खुशहाली की नई रोशनी मिली है। 
पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक संबल देकर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना गांव-गांव में हुनरमंद हाथों के लिए अवसरों के द्वार खोल रही है। योजना के अंतर्गत विक्रम प्रजापति को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से एक लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। साथ ही 15 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण भी मिला, जिससे उन्होंने अपने कौशल को और निखार लिया है। प्रशिक्षण से मिली नई दृष्टि और पीएम विश्वकर्मा योजना से मिली आर्थिक ताकत की बदौलत विक्रम प्रजापति पारंपरिक चाक पर मिट्टी के दीपक व अन्य बर्तन गढ़कर अपनी आजीविका चला रहे हैं। उनके बनाए दीपक अन्य लोगों के घरों को तो रोशन कर ही रहे हैं, साथ ही उनके अपने परिवार के जीवन में भी समृद्धि का प्रकाश फैला रहे हैं।
इस व्यवसाय से होने वाली आय से परिवार का भरण-पोषण हो रहा है। साथ ही बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में भी मदद मिल रही है। विक्रम बैंक ऋण की किश्तों का भुगतान भी समय पर कर रहे हैं। उन्होंने अपनी आत्मनिर्भरता के अनुभव बीते दिनों नगर परिषद पिछोर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय शिविर में साझा किए। विक्रम का कहना था पीएम विश्वकर्मा योजना ने उनके हुनर को पहचान और परिवार को नई उम्मीद दी है। 


posted by Admin
11

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->