निगम सभापित तोमर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, दिव्यांग हितग्राही को दी मोटराइज्ड ट्राई साइकिल
ग्वालियर। निगम सभापति मनोज तोमर ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से अपने निवास कार्यालय पर जनसुनवाई आयोजित की। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने पेयजल, सीवर, स्वच्छता, अनुकंपा नियुक्ति एवं अन्य मूलभूत समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। सभापति ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग हितग्राही राहुल को निगम सभापति ने तत्काल मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की। इस पहल से उन्हें आवागमन में सुविधा मिलेगी और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
जनसुनवाई में गुड़ी गुड़ा का नाका स्थित आईएचएसडीपी मल्टी के निवासियों ने पेयजल आपूर्ति नहीं होने की समस्या रखी। इस पर सभापति तोमर ने निगम आयुक्त से दूरभाष पर चर्चा की। मल्टी के निवासियों द्वारा पेयजल कनेक्शन कराने पर सहमति दिए जाने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कनेक्शन की प्रक्रिया प्रारंभ कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 52 निवासी छविराम प्रजापति ने सीवर समस्या से अवगत कराया, वहीं एकता पुरी कॉलोनी की गली नंबर 9 के रहवासियों ने सार्वजनिक शौचालय के क्षतिग्रस्त होने एवं उससे दुर्गंध आने की शिकायत की। इसके अलावा पुलिस कॉलोनी स्थित कंकाली माता मंदिर के नीचे रहने वाले नागरिकों ने सीवर समस्या से अवगत कराया। जनसुनवाई के दौरान सीवर एवं पेयजल संबंधी समस्याओं के साथ ही दो मकानों के बीच विवाद, अनुकंपा नियुक्ति प्रक्रिया सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। सभापति तोमर ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नागरिकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।