- जेयू में प्रदर्शनी लगाई गई, विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई, विद्यार्थियों को दिए गए पुरस्कार
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व अध्ययनशाला में विश्व धरोहर सप्ताह के पांचवें दिन 'मेरा शहर, मेरी विरासत' विषय पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। संग्रहालय में भाषण, पोस्टर मेकिंग, वीडियोग्राफी प्रतियोगिता और प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्य अतिथि एएसआई ग्वालियर दुर्ग संग्रहालय के सहायक अधीक्षक एवं पुरातत्वविद् डॉ. शशिकांत राठौर थे। अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. शांतिदेव सिसोदिया ने की। पूर्व छात्र डॉ. राजेश गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. राठौर ने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरें देश की पहचान हैं। ग्वालियर दुर्ग सहित अन्य स्थलों के आसपास अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें अतिक्रमण से मुक्त कराने में प्रशासन का सहयोग करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। वैज्ञानिक संरक्षण और रखरखाव पर भी जोर दिया। प्रो. सिसोदिया ने कहा कि संस्कृति और विरासत की सुरक्षा अब युवा पीढ़ी के हाथों में है। उनकी सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। पोस्टर में शिवी चौधरी प्रथम, नायाब अली द्वितीय, अनुज टैगोर तृतीय रहे। वीडियोग्राफी में नायाब अली प्रथम, राज शर्मा एवं अभिषेक संयुक्त द्वितीय, राजेश्वरी तृतीय रहीं। भाषण में अंकित राठौर प्रथम, अनीश्वी शर्मा द्वितीय, काजल जायसवाल तृतीय रहीं। संचालन मुस्कान गुर्जर ने किया, आभार डॉ. अमिता खरे ने व्यक्त किया।