शासकीय अवकाश में भी निजी स्कूलों के शिक्षकों से काम
ग्वालियर| निजी स्कूलों की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। इनके आगे शिक्षा विभाग तक नतमस्तक है। आलम ये है कि शासकीय अवकाश हो या फेस्टिवल डे इन स्कूलों के शिक्षकों को अवकाश का कोई लाभ नहीं दिया जाता। पूरे वर्ष भर बच्चों को ज्ञान बांटने वाले निजी शिक्षक स्कूल प्रबंधन की इस मनमानी का विरोध नहीं कर पा रहे हैं। कलेक्टर व संबंधित विभाग भी इस ओर गौर नहीं कर रहा है।
सोमवार को महर्षि वाल्मीकी जयंती है। इस दिन भी स्कूलों के प्रबंधकों ने बच्चों का अवकाश घोषित किया है मगर इन स्कूलों के शिक्षकों को सुबह-सुबह अपनी हाजिरी देने पहुंचना है। स्कूलों के प्रबंधन की मनमानी को लेकर शिक्षकों में आक्रोश गहराने लगा है। ज्यादातर शहर में जिन स्कूलों को बड़ा कहा जाता है उनमें डीपीएस व वीनस स्कूल हैं। इन स्कूलों में भी शिक्षकों में नाराजगी है। ये नाराज शिक्षक जिला प्रशासन को अपनी नाराजगी की जानकारी देने की योजना बना रहे हैं। शिकायत लेकर निजी स्कूलों के शिक्षकों का एक प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर से मुलाकात करेगा। ताकि इन प्राइवेट स्कूलों की तानाशाही को रोका जा सके।