ग्वालियर। ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र को विकसित और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में रविवार को दो बड़े विकास कार्यों की शुरुआत हुई। क्षेत्रीय विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा करते हुए वार्ड क्रमांक 22 में 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले डॉ. अम्बेडकर मांगलिक भवन सह पार्क और वार्ड क्रमांक 57 में 7 लाख लीटर क्षमता की विशाल पानी की टंकी के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।
पहला भूमिपूजन कार्यक्रम हरीपुरम कॉलोनी, न्यू सुरेश नगर (थाटीपुर) स्थित शासकीय भूमि पर आयोजित हुआ। यहाँ 50 लाख रुपये की निधि से डॉ. आंबेडकर मांगलिक भवन सह पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार एवं वार्ड 22 के पार्षद प्रमोद खरे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन की औपचारिकताएं पूरी कीं। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा प्रत्येक नागरिक का जीवन सुगम और सम्मानजनक बनाना मेरा संकल्प है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बनने वाला यह मांगलिक भवन सर्वसमाज के सामाजिक, पारिवारिक और मांगलिक आयोजनों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त केंद्र बनेगा। इसके साथ ही विकसित होने वाला पार्क क्षेत्र के बुजुर्गों के टहलने और बच्चों के खेलने के लिए एक सुंदर व स्वच्छ वातावरण प्रदान करेगा।
विकास कार्यों की इसी कड़ी में दूसरा भूमिपूजन वार्ड क्रमांक 57 स्थित महाराणा प्रताप नगर में संपन्न हुआ। यहाँ विधायक डॉ. सतीश सिकरवार एवं एम.आई.सी सदस्य एवं पार्षद अवधेश कौरव ने 7 लाख लीटर क्षमता की विशाल पानी की टंकी के निर्माण कार्य की नींव रखी। इस टंकी के निर्माण से रानीपुरा, बीजासेन मोहल्ला, ओफो की बगिया तथा आसपास की घनी बस्तियों में वर्षों से चली आ रही कम दबाव और पानी की किल्लत की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुये विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा, पानी जीवन की सबसे बुनियादी जरूरत है। मेरा प्रयास है कि क्षेत्र के हर घर तक पर्याप्त और शुद्ध पेयजल पहुंचे, ताकि हमारी माताओं-बहनों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। 7 लाख लीटर क्षमता की इस टंकी से पूरे इलाके का जल संकट हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगा। विकास कार्यों में न तो धन की कमी आने दी जाएगी और न ही गुणवत्ता से कोई समझौता होगा।
कार्यक्रम में एन.डी. मौर्य, देवेन्द्र सिंह राजोरिया, आर.जी. मिलन, सतीश कदम, बीरेंद्र शौर्य, विजय पिपरौलिया, आर.पी. खरे, रमाकांत सागर, प्रकाश खरे, फूल सिंह बमरोलिया, राहुल बौद्ध, आदिराम मौर्य, आर.पी. कतरोलिया, मनीराम कटोरिया, रमेश पंकज, श्यामलाल अर्गल, राहुल गिदोलिया, आर.के. गोयल, मलखान अर्गल, जय सिंह निगम, धारा सिंह, बलबीर मौर्य, सुनील कौशल, प्रशांत खरे आदि क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।