अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 9 प्रकरण दर्ज
- गुड़ लहान सहित अवैध देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त
ग्वालियर । आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध देशी एवं विदेशी मदिरा के साथ लगभग 1,500 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 36(क) के तहत कुल 9 प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त अवैध मदिरा की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के आदेशानुसार आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। प्राप्त सूचना के आधार पर सिकंदर कंपू, हजीरा, बिरला नगर कॉलोनी, चक केशवपुर, डबरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी गई। सिकंदर कंपू क्षेत्र के गड्ढे वाले मोहल्ले में पुलिया के पास से दो आरोपियों शिवम राठौर एवं अमन नन्नौदे के आधिपत्य से देशी मदिरा प्लेन के कुल 29 पाव जब्त किए गए। वहीं, लक्खड़खाना पुल के पास से एक अन्य आरोपी के कब्जे से देशी मदिरा प्लेन के 13 पाव जब्त किए गए। इन मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। दोनों प्रकरणों में नमूने लेकर भौतिक परीक्षण एवं ईएएल स्कैन किया गया। नयागांव स्थित कंजर डेरे से आठ ड्रमों में लगभग 1,500 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। मौके से नमूने लेने के बाद शेष गुड़ लहान को नष्ट कर दिया गया। इस मामले में तीन प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग की टीम ने आरोन क्षेत्र के ग्राम बारहमासी में आरोपी रामनिवास रावत के कब्जे से देशी मदिरा प्लेन के 15 पाव जब्त कर धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया। मोहना क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरापान कराने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में धारा 36(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसी क्रम में जौरासी के पास यादव ढाबे से मैकडॉवेल्स व्हिस्की के 53 पाव एवं बीयर के 24 कैन जब्त किए गए। इस मामले में भी संबंधित आरोपी के विरुद्ध धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। यह कार्रवाई आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेश तिवारी के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरेंद्र मावई, शिवा रघुवंशी एवं सतेंद्र मीणा सहित मुख्य आरक्षक रवि बघेल, ब्रजेश नागर, राजेंद्र अहिरवार तथा आरक्षक भारत जाटव, राहुल त्यागी, राघवेंद्र भदौरिया, मातादीन धाकड़, संजय दोहरे, देवेश शर्मा, बादल अहिरवार, दिव्यांश गौड़, राघवेंद्र बौहरे एवं अन्य स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।