कैट की संभागीय बैठक में व्यापारियों के हितों पर मंथन, बाजार में जाकर सुनेंगे समस्याएं
'कैट आपके द्वार' और 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रमों से प्रशासन तक पहुंचाएंगे व्यापारियों की समस्याएं
ग्वालियर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की संभागीय बैठक रविवार को होटल रेडिसन इंडिविजुअल में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता संभागीय अध्यक्ष रवि गुप्ता ने की। बैठक में ग्वालियर/ चंबल संभाग के जिलों ग्वालियर ,भिंड, मुरैना, शिवपुरी,गुना, श्योपुर के अलावा डबरा तहसील के जिलाध्यक्ष ,महामंत्री, कोषाध्यक्ष एवं अन्य प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
बैठक में सभी जिले के अध्यक्षों ने अपनी-अपनी त्रैमासिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद मंच से आगामी तीन माह के लक्ष्य दिए गए, जिन पर सभी प्रतिनिधियों ने सहमति जताई। बैठक में व्यापारियों के बीच आपसी सामंजस्य बढ़ाने, कैट की सदस्य संख्या का विस्तार करने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित प्रयास करने पर जोर दिया गया।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
– व्यापारियों के हितों के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। किसी भी व्यापारिक समस्या में संगठन एकजुट होकर उसके साथ खड़ा रहेगा।
– व्यापारियों की समस्याओं को लेकर प्रशासन से निरंतर संवाद किया जाएगा और समाधान होने तक सक्रियता बनाए रखी जाएगी।
– 'कैट आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत बाजारों में जाकर व्यापारियों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इन समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
– 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम के तहत समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों को कैट के कार्यक्रमों में आमंत्रित कर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।
– व्यापारियों के सुख-दुख में सहभागी बनने के साथ पारिवारिक आयोजनों में आपसी मेलजोल बढ़ाया जाएगा। अच्छा कार्य करने वाले व्यापारियों को वार्षिक पुरस्कार देकर प्रोत्साहित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री राजकुमार गुप्ता, (प्रिंस ) वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जैन, कैट महिला विंग की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्रीमती रीना गांधी, संभागीय महामंत्री मुकेश जैन, कोषाध्यक्ष विकास तिवारी, राजकुमार कुकरेजा, चंद्रप्रकाश शिवहरे , आकाश जैन, राजेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, नीरज चौरसिया, निरुपमा मालपानी, संजय अग्रवाल, प्रवीण सोमानी, गंगाधर गोयल, जितेंद्र जैन, संजीव जैन और अमित जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन मुकेश जैन ने किया।