ग्वालियर। नगर निगम द्वारा शहर के जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने के उद्देश्य से रमौआ डेम पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने श्रमदान कर जलाशय के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक, कपड़ों तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर सफाई की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य जलाशय के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही नागरिकों को जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक करना रहा। स्वच्छता अभियान में एसबीएम कंसल्टेंट अमित सिंह, देवेंद्र निम, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी तथा नगर निगम की आईईसी टीम सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी ने मिलकर श्रमदान किया और जलाशय के आसपास जमा अपशिष्ट सामग्री को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।