लश्कर में महाराजा अग्रसेन का चल समारोह निकला, स्वागत हुआ
ग्वालियर। महाराजा अग्रसेन जयंती पर रविवार को लश्कर ग्वालियर में भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह से पहले अग्रसेन उद्यान दौलतगंज में महाराजा अग्रसेन जी की महाआरती हुई, जिसमे भारी संख्या में समाज के लोगों ने भागीदारी की। शोभायात्रा से पहले सुबह 6 बजे प्रभातफेरी भी निकाली गई, जो दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, गश्त का ताजिया होकर वापस अग्रसेन उद्यान दौलतगंज पहुंची। जहां अग्रसेन उद्यान पर आरती व स्वल्पाहार का आयोजन हुआ। प्रभातफेरी में अग्रवाल समाज के नरेन्द्र मंगल पूरे समय केसरिया पताका लेकर आगे चले।
अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल नवयुवक संघ द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन जी का भव्य चल समारोह सायं 5 बजे से निकाला गया। चल समारोह में महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी मां लक्ष्मी के चित्र आकर्षक रथ पर सवार थे। चल समारोह में बैंडबाजों की धुन ने समां बांधा तो अग्रवाल समाज की महिलायें व पुरूष सिर पर साफे बांधे हुये चल रहे थे। चल समारोह का स्थान स्थान पर स्वागत हुआ और महाराजा अग्रसेन व मां लक्ष्मी की आरती उतारी गई। चल समारोह अग्रसेन उद्यान दौलतगंज से प्रारंभ होकर महाराजा बाड़ा, सराफा बाजार, गश्त का ताजिया, राममंदिर, पुराना हाईकोर्ट, दाल बाजार, लोहिया बाजार, पाटनकर बाजार होते हुये अग्रसेन उद्यान पहुंचा। जहां पुनः महाआरती हुई और प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर प्रमुख रूप से चेंबर आफ कामर्स अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल, सचिव दीपक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल बाबा, अग्रवाल महासभा अध्यक्ष सुरेश बंसल, महामंत्री रवि कुमार गर्ग, कोषाध्यक्ष जेसी गोयल, नवयुवक संघ अध्यक्ष सुनील गर्ग बबलू, संयुक्त अध्यक्ष गोकुल बंसल, समीर अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, महामंत्री मनोज सरावगी, अजय गोयल, डा. अनूप गोयल, विनय अग्रवाल, श्याम बंसल अप्पा, राजीव अग्रवाल, दीपक जैन, अखिलेश गोयल, संजीव सिंघल, मुकेश सांघी, आशीष जैन, संदीप सांघी, पवन गर्ग, आनंद अग्रवाल रंगवाले आदि प्रमुख रूप से शामिल हुये।