ग्वालियर। जेके टायर बानमोर के पूर्व वाइस प्रेसीडेंट एचआर और वर्तमान में धार पीथमपुर में वीवा फैशन कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट एचआर पी. कुलकर्णी का शनिवार को ग्वालियर में कार्डियक अरेस्ट आने से दुखद निधन हो गया। श्री कुलकर्णी कॉर्पोरेट जगत और विशेष रूप से मानव संसाधन के क्षेत्र में एक बेहद सम्मानित और अनुभवी व्यक्तित्व थे। उनके निधन की खबर मिलते ही उद्योग जगत, जेके टायर प्रबंधन और वीवा फैशन कंपनी में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार धार पीथमपुर में वीवा फैशन कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट एचआर पी. कुलकर्णी गत रोज शुक्रवार को किसी न्यायालय के प्रकरण के चलते ग्वालियर आये थे और इसके बाद वह आज सुबह जेके टायर फैक्ट्री में अपना कोई पुराना मामला निपटाने गये थे। फैक्ट्री से लौटते समय उन्हें पुरानी छावनी पर अचानक ह्रदयघात हुआ। जिसके बाद उन्हें अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्री कुलकर्णी के अचानक हुये निधन के बाद उद्योग जगत में शोक की लहर है। यहां बता दें कि श्री कुलकर्णी बेहद ही गुणी और हंसमुख स्वभाव के थे और उनका उद्योग जगत में काफी नाम था। वह जेके टायर लश्कर हरिद्वार के प्लांट के भी डायरेक्टर रहे थे। इसके अलावा उन्होंने सीमेंट उद्योग सहित कई उद्योग घरानों में अपनी सेवायें दी थी। वर्तमान में वह धार पीथमपुर में वीवा फैशन कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट एचआर के पद पर पदस्थ थे। स्व. कुलकर्णी के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री गौतम टेंटवाल से लेकर कई राजनैतिक हस्तियों से मधुर संबंध थे। पी. कुलकर्णी के निधन पर मानव अधिकार आयोग मध्यप्रदेश के अध्यक्ष एपी सिंह, जेके टायर बानमोर के हेड शांतनु सत्पती, जेके टायर के प्रमुख सीजीएम विजय सिंह, जेके टायर के जीएम कमर्शियल एसके भार्गव, जी एम एच आर धीरज शर्मा, जी एम इंजीनियरिंग मिथलेश कुमार, जी एम एकाउंट विजय सिंह,पूर्व सांसद अशोक अर्गल, कैडबरी के जी एम एच आर अमित पचौरी, सूर्या रौशनी के वाईस प्रेजिडेंट एच आर मुकुल चतुर्वेदी,वरिष्ठ पत्रकार विनय अग्रवाल, सुरेश शर्मा, संजय त्रिपाठी, संजय तोमर, शैलेन्द्र शर्मा, अंकित सिंघल सहित उघोग जगत, राजनैतिक हस्तियों और समाजसेवियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।