मदाखलत अमले ने यातायात में बाधक अतिक्रमण हटाये, ठेले वालों को किया हॉकर्स जोन में शिफ्ट
ग्वालियर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम के मदाखलत विभाग ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान यातायात में बाधक हाथ ठेलों, फुटपाथी दुकानों एवं अन्य अस्थाई अतिक्रमण को हटवाकर आवागमन मार्गों को सुचारू कराया गया। साथ ही संबंधित ठेला संचालकों एवं दुकानदारों को निर्धारित हॉकर्स जोन में व्यवसाय करने की हिदायत दी गई।
नगर निगम के अपर आयुक्त (मदाखलत) प्रदीप सिंह तोमर एवं नोडल अधिकारी (मदाखलत) केशव सिंह चौहान के निर्देशन तथा संबंधित मदाखलत अधिकारियों के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मदाखलत टीमों ने कार्रवाई की। मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान द्वारा पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ठाठीपुर स्थित मयूर मार्केट में यातायात में बाधक हाथ ठेला संचालकों को हटवाया गया। इसके बाद गोविंदपुरी चौपाटी के बाहर सड़क पर खड़े होकर यातायात बाधित कर रहे हाथ ठेला संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मार्ग को सुचारू कराया गया। मयूर मार्केट में मदाखलत विभाग की टीम ने स्वास्थ्य विभाग एवं एनजीओ की टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान हाथ ठेला संचालकों एवं दुकानदारों को पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के स्थान पर निर्धारित नियमों के अनुरूप वैकल्पिक थैलियों का उपयोग करने की समझाइश दी गई।
शहर के हजीरा चौराहा, इंटक मैदान के बाहर, किलागेट रोड एवं चार शहर का नाका रोड सहित विभिन्न स्थानों पर यातायात में बाधक हाथ ठेलों, फुटपाथी दुकानों एवं अन्य अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान हाथ ठेला संचालकों एवं फुटपाथी दुकानदारों को निर्धारित हॉकर्स जोन में शिफ्ट कराया गया, जिससे मुख्य मार्गों पर आवागमन सुचारू बना रहे। नगर निगम की मदाखलत टीम ने संबंधित ठेला संचालकों एवं दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे मुख्य सड़कों, चौराहों एवं फुटपाथों पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित न करें तथा निर्धारित हॉकर्स जोन में ही अपने व्यवसाय का संचालन करें। नगर निगम का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ ही आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।