ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, तानसेन नगर केंद्र द्वारा सहयोग गार्डन, रामटापुरा में आयोजित श्री शिव महापुराण, शिव महिमा कथा में कथा वाचिका राजयोगिनी तपस्विनी ब्रह्माकुमारी नीलम दीदी ने श्रद्धालुओं को कर्मों की गति, पाप-पुण्य के रहस्य, सृष्टि चक्र एवं परमात्मा शिव की महिमा के बारे में विस्तार से समझाया।
नीलम दीदी ने बताया कि परमात्मा शिव इस सृष्टि रूपी कल्पवृक्ष के बीज रूप हैं और सभी मनुष्य आत्माओं के परमपिता हैं। उन्होंने 84 जन्मों के आध्यात्मिक रहस्य को स्पष्ट करते हुए सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलियुग के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि समय के परिवर्तन के साथ आत्मा की शक्तियों में कमी आती जाती है और मनुष्य को पुनः परमात्मा की याद एवं सत्य ज्ञान की आवश्यकता होती है। दीदी ने कर्मों की गति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य को अपने मन, वचन और कर्म से किसी को भी दुख नहीं देना चाहिए। किसी का अपमान करना, निंदा करना, कटु वचन बोलना, क्रोध करना तथा दूसरों के प्रति गलत भावना रखना भी पाप कर्मों के अंतर्गत आता है। उन्होंने समझाया कि भगवान क्षमा कर सकते हैं, लेकिन कर्मों का फल भोगना पड़ता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्मों के प्रति सजग रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वाणी में संयम रखना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि हमारे शब्द किसी के मन को गहरी चोट पहुँचा सकते हैं। यदि जाने-अनजाने में किसी को दुख पहुँचे, तो परमात्मा से क्षमा माँगकर अपने व्यवहार में सुधार करना चाहिए। दूसरों के प्रति शुभभावना रखना, सभी को सम्मान देना और हर परिस्थिति में शुक्रिया की भावना बनाए रखना ही श्रेष्ठ जीवन का आधार है। दीदी ने श्रद्धालुओं को परमात्मा शिव की याद का महत्व बताते हुए कहा कि प्रतिदिन सुबह उठकर परमात्मा का स्मरण करें, दिनभर अपने कर्मों पर ध्यान दें और रात्रि को सोने से पहले आत्मचिंतन करें। राजयोग और परमात्मा की याद से आत्मा में शांति, शक्ति और पवित्रता का अनुभव होता है। उन्होंने सभी को अपने जीवन में आध्यात्मिक ज्ञान अपनाने तथा श्रेष्ठ कर्मों द्वारा स्वयं और दूसरों के जीवन में सुख-शांति लाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें प्रदेश महासचिव कॉंग्रेस सुनील शर्मा, पार्षद प्रदीप रत्नागर, पार्षद विनोद यादव, महेश गौतम वरिष्ठ नेता भाजपा, सुनील राठौर विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल, ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस सुरेन्द्र जी, महामंत्री कांग्रेस सुरेश प्रजापति, राकेश खुर्दू अध्यक्ष झुग्गी झोपडी प्रकोष्ठ, नरेंद्र जैन (महामंत्री अखिल भारतीय दिगंबर जैन बरैया महासभा), श्रीमती ममता जैन (अध्यक्ष जैन मिलन महिला डबरा), वीरेंद्र सिंह तोमर (संस्थापक महाराजा मानसिंह कॉलेज), केशव मांझी (पूर्व पार्षद एवं जिला उपाध्यक्ष भाजपा), विजय गर्ग (संगठन मंत्री भाजपा), पवन जैन तथा डॉ. विनय राय* सहित अनेकानेक लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने कथावाचिका राजयोगिनी तपस्विनी ब्रह्माकुमारी नीलम दीदी का सम्मान किया*। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज लश्कर केन्द्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी, माउंट आबू से बीके अनिल भाई, मालनपुर केन्द्र प्रभारी बीके ज्योति बहन, पोरसा केन्द्र प्रभारी बीके रेखा बहन व तानसेन नगर केंद्र प्रभारी बीके सीता बहन सहित अनेकानेक संस्थान के भाई एवं बहनें उपस्थित थे। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आत्मचिंतन, श्रेष्ठ कर्म, पवित्रता, क्षमाभाव और परमात्मा से जुड़कर जीवन को सुखमय बनाने का संदेश प्राप्त हुआ।