वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैंः डॉ. साधना श्रीवास्तव
ग्वालियर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद से संबद्ध नवांकुर संस्था सफल युवा मंडल द्वारा रविवार को माधव बाल निकेतन वृद्धाश्रम में सेवा एवं आत्मीयता से परिपूर्ण एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जन अभियान परिषद के दिशा-निर्देशानुसार सेवा-संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के अंतर्गत संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कमलाराजा गल्र्स कॉलेज की प्राचार्य डॉ. साधना श्रीवास्तव ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके जीवन के अनुभवों और भावनाओं को जाना। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान, सेवा और उनके साथ समय बिताना हमारी नैतिक व सामाजिक जिम्मेदारी है। युवाओं को आगे आकर बुजुर्गों के अकेलेपन को दूर करना चाहिए। कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह ने बताया कि इस 9 दिवसीय विशेष ‘सेवा मेरा योगदान’ सप्ताह का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम छोर पर बैठे हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना है। अंत में उपस्थित अतिथियों एवं संस्था के सदस्यों ने वृद्धजनों का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार प्रजापति उपस्थित रहे।