संस्कारों के संरक्षक और अनुभव की अनमोल पूंजी हैं बुजुर्गः निगमायुक्त चौधरी
ग्वालियर । अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आज सायं वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान, ग्वालियर द्वारा आयोजित वृद्धजन सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि ग्वालियर नगर निगम के आयुक्त अभिषेक चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज, परिवार और राष्ट्र के निर्माण में वृद्धजनों का महत्व अतुलनीय है। वे केवल उम्र में बड़े नहीं हैं, बल्कि वे हमारे जीवन की नींव, संस्कारों के संरक्षक और अनुभव की अनमोल पूंजी हैं। जिस प्रकार एक मजबूत पेड़ के लिए उसकी जड़ें जरूरी होती हैं, ठीक उसी तरह एक सुखी परिवार और आदर्श समाज के लिए बुजुर्गों का होना आवश्यक है। वृद्धजन दिवस सम्मान समारोह का आयोजन वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान ने सामाजिक न्याय विभाग, सेवा स्वच्छता अभियान एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के अंतर्गत जैन छात्रावास, हॉस्पिटल रोड के सभागार में किया। इस अवसर पर 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 38 ऐसे बुजुर्ग सम्मानित किए गए जिन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है।
वृद्धजनों की समाज के प्रति सेवाओं के लिए कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए करीब चार घंटे तक चले इस भावपूर्ण एवं प्रेरणादाई आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे तो अध्यक्षता सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त संचालक एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल ने की। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के पूर्व कुलपति प्रो. आर.जे.राव एवं चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष जी.डी. लडढा ने अपने प्रेरणादायी सारगर्भित उदबोधन में कहा कि बुजुर्गों ने अपने जीवन में कई उतार-चढ़ाव, सफलताएं और असफलताएं देखी हैं। उनका यह व्यावहारिक अनुभव नई पीढ़ी को कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने और जीवन की चुनौतियों का सामना करने का सही रास्ता दिखाता है। समाज में युवाओं के पास ऊर्जा होती है, लेकिन बुजुर्गों के पास अनुभव की आंखें होती हैं। जब युवाओं की ऊर्जा को बुजुर्गों का सही मार्गदर्शन मिलता है, तो समाज और परिवार सही दिशा में प्रगति करते हैं। उन्होंने बुजुर्गों को सही मायने में संस्कारों और संस्कृति का संरक्षक बताया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने अपने संबोधन में बुजुर्ग पीढ़ी के लिए ग्वालियर नगर निगम एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि बुजुर्गों को यदि समग्र आईडी, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसी भी हितलाभ को प्राप्त करने में कोई भी असुविधा होती है तो वे सीधे उनसे संपर्क करें, वे अपनी बुजुर्ग पीढ़ी की सेवा एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर हैं। उन्होंने स्वच्छता अभियान पर जोर देते हुए संकल्प दिलाया कि खुले में कचरा न डालें और अपने आसपास के माहौल को साफ सुथरा रखें।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अभा विश्व गीता प्रतिष्ठानम के राष्ट्रीय महामंत्री विष्णु नारायण तिवारी ने श्रीमद्भागवत गीता के महत्व पर व्याख्यान दिया तो भारतीय योग संस्थान के मध्यभारत प्रांत के प्रमुख लक्ष्मण सिंह परिहार ने योग के फायदे बताए। व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण संस्थान की प्रमुख श्रीमती रेखा गुप्ता ने वृद्धावस्था को सुखमय बनाने के टिप्स दिए। सतीश सेठ ने काव्य पाठ किया। इस अवसर पर बिरला हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर डायबिटीज, ब्लडप्रेशर आदि का जांच परीक्षण कर परामर्श दिया गया, दवाएं बांटी गईं। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्वागत भाषण में वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान, ग्वालियर के अध्यक्ष इंजी. एसके गुप्ता ने स्वागत भाषण में स्थापना वर्ष 2004 से लेकर अभी तक संस्थान द्वारा बुजुर्गों की सेवा के लिए चलाई जा रही गतिविधियों से अवगत कराया। अतिथिगण का स्वागत अध्यक्ष इंजी. एसके गुप्ता, संयुक्त अध्यक्ष मुकेश जैन, अशोक कुमार गुप्ता, राजपाल खुराना एवं मंजू राजावत ने किया। कार्यक्रम का संचालन एमके जैन ने किया। इस अवसर पर 700 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने उपस्थित रहकर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। समापन स्नेह भोज के साथ हुआ।