स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत झाँसी मंडल में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘Zero-Waste Sports Competitions’ के तहत आयोजित बैडमिंटन मैचों के बाद खिलाड़ियों ने स्वयं आगे बढ़कर खेल परिसर की साफ-सफाई की। खिलाड़ियों ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता कर यह संदेश दिया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता की भावना को मजबूत करने का भी माध्यम है।
मैच समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों ने मिलकर खेल परिसर की सफाई की और कचरे को निर्धारित स्थान पर एकत्रित किया। इस पहल के माध्यम से उपस्थित लोगों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा खेल परिसर बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। ‘खेलें भी, स्वच्छ रखें भी’ के संदेश के साथ खिलाड़ियों ने स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई।इसी क्रम में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर रेलकर्मियों द्वारा परिसर की साफ-सफाई की गई तथा यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। अभियान के दौरान कर्मचारियों एवं यात्रियों को कपड़े के थैले भी वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को दैनिक जीवन में प्लास्टिक के स्थान पर पुन: उपयोग किए जा सकने वाले विकल्पों को अपनाने का संदेश दिया गया। झाँसी मंडल द्वारा स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से रेलकर्मियों, खिलाड़ियों, यात्रियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक व्यवहार और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना है।