महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का ब्लॉक स्तर पर जन आंदोलन गुरुवार को
ग्वालियर। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव की अध्यक्षता में समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की बैठक कांग्रेस भवन शिंदे की छावनी पर सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 27 अगस्त गुरुवार को प्रदेशव्यापी महंगाई विरोधी कार्यक्रम को प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर प्रभावी एवं रचनात्मक ढंग से आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों, लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, घरेलू गैस सिलेंडर की महंगाई, बिजली बिलों में बढ़ोत्तरी तथा आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ प्रतीकात्मक एवं जनजागरूकता आधारित प्रदर्शन किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक में सरकार की नीतियों के विरोध में रचनात्मक प्रदर्शन, पोस्टर एवं नारे के माध्यम से बढ़ती मंहगाई को लेकर जनजागरण, पेट्रोल पंपों के बाहर विरोध प्रदर्शन, बिजली बिलों एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन सहित आमजन को जागरूक करने के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष राकेश कुशवाह, श्याम सुदंर श्रीवास्तव, श्रीमती लक्ष्मी माथुर, कुलदीप व्यास, विनोद कुमार जैन, महेश धनोलिया, धर्मवीर राठौर, संदीप यादव, अनूप शिवहरे, मुनेन्द्र भदौरिया आदि उपस्थित थे।