कुमार सत्यम को बालाघाट कलेक्टर बनने पर कलेक्ट्रेट कार्यालय में समारोहपूर्वक दी विदाई

ग्वालियर । अपर कलेक्टर कुमार सत्यम को शासन द्वारा बालाघाट जिले के कलेक्टर के रूप में पदस्थापना होने पर कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में उन्हें समारोह आयोजित कर शुभकामनायें एवं विदाई दी गई। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने उन्हें नई पदस्थापना की शुभकामना देते हुए और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी। 
कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम को शुभकामनायें देने के लिये आयोजित कार्यक्रम में उनके द्वारा ग्वालियर में पिछले दो वर्षों में किए गए कार्यों की सराहना की गई और उनके उज्जवल भविष्य के लिये शुभकामनायें दीं गईं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि श्री कुमार सत्यम ने ग्वालियर कार्यकाल के दौरान जमीन आवंटन एवं किसानों के खाद वितरण के कार्य में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने निरंतर पूरी निष्ठा के साथ शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में पूरी लगन और रुचि के साथ बेहतर कार्य करने का उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। उनकी बेहतर कार्यशैली को देखते हुए शासन द्वारा उन्हें महत्वपूर्ण बालाघाट जिले में कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है। श्री सत्यम अपनी मेहनत और लगन के साथ बालाघाट जिले में भी शासन की मंशा अनुसार बेहतर कार्य करेंगे। 
अपर कलेक्टर कुमार सत्यम ने कहा कि ग्वालियर जैसे बड़े जिले में दो वर्ष तक कार्य करने का अवसर मिला। यहां पर रहकर कई बड़े आयोजनों को देखने और उनको आयोजित करने का अवसर भी मिला । कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के नेतृत्व में ग्वालियर जिले में सीखने का बेहतर अवसर मिला है। ग्वालियर में सीखे गए कार्यों के माध्यम से ही बालाघाट जिले में भी शासन की मंशा अनुरूप अच्छा कार्य करूँगा। ग्वालियर कार्यकाल के दौरान शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों का जो मार्गदर्शन मिला उसे मैं हमेशा याद रखूंगा।  निगम आयुक्त संघ प्रिय ने भी श्री कुमार सत्यम को नई पदस्थापना की शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार सत्यम के माध्यम से मुझे भी नगर निगम में अनेक अवसरों पर कार्य करने में सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है। श्री सत्यम निष्ठा और लगन के साथ शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उनसे सीखने के लिये हम सबको बहुत कुछ मिला है। 
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने कहा कि मैंने श्री कुमार सत्यम से ही सीईओ जिला पंचायत का चार्ज ग्वालियर में लिया था। उनकी कार्यशैली बहुत ही प्रभावी है। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी उनकी रुचि, लगन से कई योजनाओं और कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन शासन द्वारा उन्हें बालाघाट जैसे जिले का कलेक्टर बनाया गया है। बालाघाट में भी वे शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन करेंगे। कार्यक्रम में अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर जिला प्रशासन के कई अधिकारियों ने भी अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कुमार सत्यम को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर  एडीएम  सी बी प्रसाद एवं अनिल बनवारिया सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार सहित जिले के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। 

posted by Admin
42

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->