ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को नई गति देते हुए ग्वालियर में देश के पहले “टेलीकॉम मैन्यूफेक्चरिंग जोन” की स्थापना की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए आज केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में 350 एकड़ में विकसित होने वाले इस अत्याधुनिक प्रोजेक्ट के लिए दूरसंचार विभाग, भारत सरकार एवं म. प्र. शासन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए ।
आज हुए इस ऐतिहासिक एमओयू पर MPCCI की ओर से देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया है । अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-दीपक पमनानी एवं कोषाध्यक्ष-मनोज अग्रवाल (बाबा) ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि ग्वालियर में देश के पहले टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन की स्थापना तथा इसके लिए नई दिल्ली में हुए ऐतिहासिक एमओयू का हम हृदय से स्वागत करते है ।पदाधिकारियों ने इसे अंचल के औद्योगिक इतिहास में एक नया “मील का पत्थर” करार देते हुए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि ग्वालियर में लगभग 350 एकड़ भूमि पर 493 करोड़ रुपये की लागत से यह अत्याधुनिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है । इस परियोजना से ग्वालियर न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे देश में टेलीकॉम उपकरणों और हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा ।पदाधिकारियों ने कहा है कि इससे ग्वालियर में भारी निवेश और रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे । साथ ही, इससे स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों नए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे तथा स्थानीय उद्योगों को नई दिशा मिलेगी ।