मदाखलत अमले ने विभिन्न क्षेत्रों से हटाया अतिक्रमण
ग्वालियर। नगर निगम के मदाखलत अमले ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। मदाखलत अधिकारियों शैलेंद्र सिंह चौहान, सतेंद्र भदौरिया एवं रवि कुमार कोरी के मार्गदर्शन में अचलेश्वर रोड से दाल बाजार और लोहिया बाजार तक रोड पर रखा हुआ सामान को दुकान के अंदर कराया गया। इसके उपरांत हाथ ठेले वाले को हटाया गया।
मदाखलत अमलेन ने महाराज बाड़ा क्षेत्र के सुभाष मार्केट, नजर मार्केट, छापाखाना, स्काउट, हेमू चौक, गांधी मार्केट और टोपी बाजार सहित कई स्थानों से हाथ ठेले, फुटपाथी फड़ एवं यातायात में बाधक अस्थायी अतिक्रमण हटाया। इसके साथ ही पाटनकर चौराहा से दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली और गस्त का ताजिया मार्ग तक मदाखलत वाहन से लगातार घोषणा कर दुकानों के बाहर रखे स्टैंड बोर्ड, काउंटर एवं अन्य अवरोध हटवाए गए। वहीं किलागेट रोड, इंटेक मैदान रोड, चार शहर का नाका रोड और हजीरा चौराहे पर भी यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाया। निगम अमले ने गदाईपुरा स्थित यादव धर्मकांटा रोड से अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुचारु कराया गया।