चेम्बर चुनाव के परिणाम देर रात आये, अध्यक्ष-सचिव की जोड़ी लौटी

- स्वतंत्र लड़े प्रवीण की बड़ी जीत, रिकार्ड मतों से जीते सुरेश बंसल
- नये चेहरों में चेम्बर की टीम में बाबा, पमनानी आये 
ग्वालियर। चेम्बर आफ कामर्स के चुनाव में इस बार कई रिकार्ड बन गये। चेम्बर आफ कामर्स की पुरानी टीम के अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल और सचिव दीपक अग्रवाल की जोड़ी ने वापसी की है। स्वतंत्र लड़े निवर्तमान अध्यक्ष डा. प्रवीण अग्रवाल ने नया उदाहरण पेश करते हुये 600 से ज्यादा वोटों से चुनाव जीत लिया। वहीं संयुक्त अध्यक्ष पद पर सुरेश बंसल ने 1641 वोटों से चुनाव अपने नाम किया। इसके अलावा चेम्बर की नई टीम में नये चेहरों में कोषाध्यक्ष पद पर मनोज अग्रवाल बाबा और संयुक्त सचिव पद पर दीपक पमनानी ने चुनाव जीता है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर संदीप नारायण अग्रवाल ने चुनाव में जीत हासिल की है। चेम्बर की नई टीम में दो पद क्रियेटिव और तीन पद व्हाईट हाउस को मिले हैं। जबकि स्वतंत्र अध्यक्ष चेंबर के इतिहास में पहली बार जीता है। 
यहां बता दें कि चेंबर आफ कामर्स के चुनाव शुक्रवार को संपन्न हो गये। सायं 5 बजे मतदान संपन्न होने के बाद सायं 7 बजे से मतों की गिनती शुरू होई प्रारंभ में कार्यकारिणी सदस्यों के परिणामों को घोषित किया गया। इसके बाद देर रात 2 बजे तक मुख्य पदों के परिणाम सामने आये। मतगणना के दौरान कई दफा अव्यवस्थाओं और भेदभाव जैसे आरोप भी लगे। लेकिन पुलिस प्रशासन की पुख्ता व्यवस्था से कोई भी तनावपूर्ण स्थिति निर्मित नहीं हुई। दो बजे आये परिणामें में अध्यक्ष पद पर स्वतंत्र उम्मीदवार डा. प्रवीण अग्रवाल ने जीत हासिल की। उन्हें 1896 वोट मिले। जबकि उनके सामने व्हाईट हाउस से खडे पारस जैन को 1279 मत मिले। इसी प्रकार संयुक्त अध्यक्ष पद पर क्रियेटिव हाउस के सुरेश बंसल ने जीत का स्वाद चखा। उनकी जीत सबसे ज्यादा 1641 वोटों से हुई। सुरेश बंसल को 2352 वोट मिले। जबकि व्हाईट हाउस से खड़े डा. विनोद जैन को मात्र 711 मत प्राप्त हुये। उपाध्यक्ष पद पर क्रियेटिव हाउस के ही संदीप नारायण ने अपने करीबी व्हाईट हाउस के सुनील अग्रवाल को चुनाव हराया। संदीप को 2324 और सुनील को 801 वोट मिले। सचिव पद पर एक बार फिर दीपक अग्रवाल ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने करीबी व्हाईट हाउस के प्रत्याशी डा. राकेश अग्रवाल रोम को 839 वोटों से हराया। दीपक को 1990 और राकेश को 1151 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर व्हाईट हाउस के मनोज अग्रवाल बाबा ने जीत हासिल की है। मनोज को 1682 और क्रियेटिव हाउस के अजय गोयल को 1469 मत प्राप्त हुये। संयुक्त सचिव पद पर व्हाईट हाउस के युवा दीपक पमनानी ने जीत हासिल की। दीपक ने क्रियेटिव हाउस के राकेश अग्रवाल रेडीमेड को हराया। दीपक को 1711 और राकेश को 1270 वोट मिले। 

posted by Admin
255

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->