चेंबरः इस बार प्रत्याशी शिकायत से बच रहे, बैलेट पत्र अलग अलग रंग में
विनय अग्रवाल
ग्वालियर। मप्र चेबर आफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के 17 जुलाई को होने वाले निर्वाचन के लिये अभी तक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वहीं निर्वाचन को लेकर चेंबर सचिवालय ने निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में मतदान के लिये प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी है। 3450 चेंबर सदस्य अलग अलग पदों के लिये अपने मतों का उपयोग करेंगे। मतदाताओं को किसी प्रकार का भ्रम न हो इसलिये सभी पदों के बैलेट पेपर अलग अलग रंगों के होंगे। मतदान 17 जुलाई को प्रातः 8 बजे से शुरू होगा और सायं 5 बजे तक चलेगा।
इधर चेंबर में सभी पदों के लिये प्रत्याशियों का जनसंपर्क जोरशोर से जारी है। इस बार आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन होने से होर्डिंग बैनर कटआउअ पूरे शहर व बाजारों में कहीं भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। जिस कारण जनसंपर्क बेहद शांति और मित्रतापूर्ण माहौल में चल रहा है। विशेष बात यह है कि आचार संहिता के उल्लंघन व प्रत्याशियों द्वारा एक दूसरे पर आरोप लगाने की होड़ इस बार चेंबर चुनाव में अभी तक नहीं देखी गई है और न ही इसकी अभी तक कोई शिकायत भी नहीं आई है।
बैलेट पेपर अलग अलग रंग के
चेंबर के निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय के अनुसार अध्यक्ष से लेकर संयुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्यों के पद हेतु सभी बैलेट पेपर अलग अलग रंग के होंगे, ताकि वोटरों में कोई भ्रम न हो और यह सभी मतपत्र स्टेपल से पिन होंगे। मतगणना 17 जुलाई को सायं 5 बजे मतदान समाप्त होने के थोड़ी देर बाद ही शुरू हो जायेगी। विजयवर्गीय ने बताया कि रिजल्ट भी रात्रि 11-12 बजे तक घोषित कर दिये जायेंगे।
100 कर्मचारी लगेंगे
चेंबर मतदान और मतगणना के लिये चेंबर निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय, संयुक्त निर्वाचन अधिकारी अरविंद गौड़ व सह निर्वाचन अधिकारी राजीव अग्रवाल ने बताया कि लगभग 100 लोगों का स्टाफ लगाया जायेगा।
पत्रकारों को प्रवेश नहीं
चेंबर मतदान व मतगणना में पत्रकारों का प्रवेश निषेध रहेगा, क्योंकि चेंबर के दो हाल में वोटिंग व मतगणना चलेगी। वहां भीड़ हो जाने से अव्यवस्था फैलेगी। इसलिये पत्रकारों को प्रवेश नहीं दिया जायेगा। पत्रकारों की सुविधा के लिये प्रांगण में एक विशालकाय स्क्रीन भी लगाई जायेगी। जिस पर ताजा अपडेट दिया जाता रहेगा।
प्रत्याशियों के एक एक प्रतिनिधि रह सकेंगे
चेंबर चुनाव में विभिन्न प्रत्याशियों के एक एक प्रतिनिधि को प्रवेश हेतु पास जारी किये जायेंगे। यह प्रतिनिधि मतदान व मतगणना के लिये अलग अलग भी हो सकते है।
बकाया शुल्क जमा होना जारी
चेंबर में मतदान के लिये बकाया शुल्क के नो ड्यूज सर्टिफिकेट के लिये सदस्यों का चेंबर सचिवालय में आकर राशि जमा करने का क्रम जारी है।