प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के आस-पास पेड़ अवश्य लगाना चाहिए: जोहरी
आल इंडिया कायस्थ महासभा ने मोतीझील मनसा पूर्ण हनुमान मंदिर पर किया पौधारोपण
ग्वालियर: आल इंडिया कायस्थ महासभा द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय जोहरी के नेतृत्व में मोती झील अजगर खो मनसा पूर्ण हनुमान मंदिर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पौधारोपण के बाद मंदिर परिसर में महासभा की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आल इंडिया कायस्थ महासभा का द्वारा पूरे जिले में 1000 पौधों का रोपण किया जाएगा।
इस अवसर पर महासभा की बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय जोहरी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम अपने घर या घर के आसपास पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। यह हमारे बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है तथा कहा कि समाज के हर संगठन को इस मौसम में पौधारोपण करना चाहिए। एक दूसरे के साथ मिलजुल कर कार्य करना चाहिए। समाज में एकता का संदेश जाए यही हमारा प्रयास है। हम एक होंगे तो अनेकता में एकता की भावना जागेगी। इस अवसर पर आश्रम के संत आल इंडिया कायस्थ महासभा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र श्रीवास्तव, संभागीय अध्यक्ष शिवानंद सहाय सक्सेना, राष्ट्रीय महासचिव विनोद श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष योगेश भटनागर, वरिष्ठ समाजसेवी गजेंद्र अस्थाना, मनोज सक्सेना, अमित सक्सेना, विद्या राम श्रीवास्तव, शिव प्रकाश सक्सेना, सुरेंद्र प्रताप सक्सेना, गोविंद प्रसाद सक्सेना, दीपक जौहरी, राम सक्सेना, एडवोकेट प्रफुल्ल सक्सेना, धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने भी आश्रम के आसपास पौधारोपण किया। कार्यक्रम में प्रारंभ में हनुमान जी को भोग लगाकर माल्यार्पण किया तथा भगवान चित्रगुप्त के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर पूजा अर्चना की उसके पश्चात सभी पधारे हुए कायस्थ बंधुओ ने भगवान का प्रसाद ग्रहण किया।