अभियान चलाकर हटाया अस्थाई अतिक्रमण
ग्वालियर। नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं यातायात सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अभियान चलाकर अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया।
नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान ने बताया कि पूर्व विधानसभा अंतर्गत मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र चौहान के निर्देशन में गोले का मंदिर चौराहा, मंगाराम फैक्ट्री के सामने हाथ ठेले वालों का सामान जप्त कर हटाया। इसके उपरांत थाटीपुर मुख्य मार्ग पर यातायात में बाधक हाथ ठेले वालों के तराजू क्रेट जप्त कर हटवाया। इसके पश्चात मुरार बरादारी चौराहे, सदर बाजार से हाथ ठेले जब्त किये। इसके साथ ही ग्वालियर विधानसभा अंतर्गत मदाखलत अधिकारी रवि कुमार कोरी के निर्देशन में किलागेट रोड़, इंटक मैदान रोड, चार शहर का नाका रोड़, हजीरा चौराहा पर यातायात में बाधक हाथ ठेलों, सडक पर रखे सामानों एवं अन्य अस्थाई अतिक्रमण को हटवाकर अवागमन मार्ग को क्लियर करवाया गया। ग्वालियर दक्षिण विधानसभा अंतर्गत मदाखलत अधिकारी सतेन्द्र भदौरिया के निर्देशन में महाराज बाड़ा अंतर्गत सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार, टाउन हॉल, छापाखना, स्काउट, स्टेट बैंक, गाँधी मार्केट के मुख्य मार्ग से हाथ ठेले, फुटपाथ पर लगे फटे इत्यादि, पोस्ट ऑफिस के बाहर लगे स्टैंड, प्लाई इत्यादि सामान को हटवाया गया।