आईजी सक्सेना ने पुलिस लाइन का किया वार्षिक निरीक्षण

- दरबार लगाकर पुलिस कर्मियों की समस्यायें भी सुनी  
- पुलिस लाईन की शाखाओं, शस्त्रागार, मालखाना, स्टोर एवं दिशा लर्निंग सेंटर का लिया जायजा
ग्वालियर। पुलिस महानिरीक्षक अरविन्द कुमार सक्सेना ने मंगलवार को वार्षिक निरीक्षण के अंतर्गत पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। वहीं शासकीय वाहनों, टूल किट एवं उनमें उपलब्ध बलवा ड्रिल सामग्री की जांच की तथा पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड, रखरखाव एवं व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। इस अवसर पर आईजी के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह भी थे। 
पुलिस लाईन ग्वालियर में आयोजित परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार ने किया। पुलिस महानिरीक्षक सक्सेना ने परेड की सलामी लेने के उपरांत परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुशासित एवं उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस लाइन में उपलब्ध शासकीय वाहनों, आपदा एवं बलवा नियंत्रण में प्रयुक्त टूल किट तथा बलवा ड्रिल सामग्री का भी सूक्ष्म निरीक्षण कर उनकी उपलब्धता एवं रखरखाव का जायजा लिया। परेड निरीक्षण के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन ने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली तथा पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रागार पहुंचकर हथियारों के रखरखाव, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा मालखाना, स्टोर, लाइन कार्यालय एवं अन्य प्रशासनिक शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की और स्टोर शाखा में रखी सामग्री का अवलोकन किया गया। 
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक सक्सेना दिशा लर्निंग सेंटर एवं लाइब्रेरी भी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों एवं पुलिस कर्मियों से चर्चा की। निरीक्षण के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक सक्सेना ने पुलिस दरबार आयोजित कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। दरबार के दौरान पुलिस कर्मियों ने समयमान वेतनमान का लाभ प्राप्त न होने, यात्रा भत्ता (टीए) का पूर्ण भुगतान न मिलने तथा मेडिकल प्रतिपूर्ति संबंधी समस्या बताई गई। पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित प्रभारियों को रिकॉर्ड परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दरबार में पुलिस महानिरीक्षक अरविन्द कुमार सक्सेना ने कहा कि पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित विभिन्न विशेष अभियानों में ग्वालियर पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी सहभागिता प्रशंसनीय रही है, जिसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित संपूर्ण ग्वालियर पुलिस टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बेहतर पुलिसिंग की बात कही।

posted by Admin
16

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->