सड़क चौड़ीकरण के लिये नारायण विहार कॉलोनी से स्थायी अतिक्रमण हटाये
- जेसीबी एवं पोकलेन मशीनों से चला अभियान, पुलिस बल रहा तैनात
ग्वालियर। जिला प्रशासन द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य को गति प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नरेंद्रबाबू यादव के निर्देशन में नारायण विहार कॉलोनी वार्ड क्रमांक-21 में सड़क चैड़ीकरण में बाधक स्थायी अतिक्रमणों को हटाया।
मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र चौहान ने बताया कि अभियान के दौरान सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण में अवरोध उत्पन्न कर रहे दुकानों, मकानों, आवासीय भवनों, गोदामों सहित अन्य स्थायी अतिक्रमणों को जेसीबी एवं पोकलेन मशीनों की सहायता से हटाया गया। कार्रवाई सायंकाल तक चली। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार रमाशंकर सिंह, सीएसपी अतुल सोनी, थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव, राजस्व निरीक्षक दिनेश श्रीवास्तव, पटवारी राघवेंद्र, मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सिसोदिया एवं श्रीकांत सेन सहित पूर्व विधानसभा एवं ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र का प्रशासनिक दल उपस्थित रहा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।