नई व्यवस्था से जांच से जुड़ी हर कार्रवाई का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगाः आईजी सक्सैना
- 650 ई विवेचना टैबलेट से लैस हुई पुलिस
ग्वालियर। पुलिस अब अपराधों की विवेचना को पूरी तरह डिजिटल और तकनीक आधारित बनाने जा रही है। जांच प्रक्रिया को आधुनिक स्वरूप देने के लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल ने ग्वालियर पुलिस को 650 ई-विवेचना टैबलेट उपलब्ध कराए हैं। इन टैबलेट्स की मदद से विवेचना अधिकारी घटनास्थल पर ही फोटो, वीडियो, दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य एकत्र कर उन्हें तुरंत ऑनलाइन सिस्टम पर अपलोड कर सकेंगे। इससे जांच में तेजी आएगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और साक्ष्यों का सुरक्षित संरक्षण भी सुनिश्चित होगा।
ग्वालियर पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अरविंद सक्सेना ने विवेचना अधिकारियों को ई-विवेचना टैबलेट वितरित किए। इस मौके पर उनके साथ एसएसपी धर्मवीर सिंह भी थे। कार्यक्रम में आईजी सक्सैना ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिसिंग को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना जरूरी है। नई व्यवस्था से जांच अधिकारी घटनास्थल से ही सभी आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित तरीके से अपलोड कर सकेंगे, जिससे विवेचना की विश्वसनीयता और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा। ई-विवेचना एप्लीकेशन के माध्यम से केस डायरी भी रियल टाइम में अपडेट होगी। जांच से जुड़ी हर कार्रवाई का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे पूरे प्रकरण की मॉनिटरिंग आसान हो जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, सिस्टम में डेटा पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रहेगा, जिससे रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की आशंका भी काफी हद तक खत्म हो जाएगी। आईजी अरविंद सक्सेना ने कहा कि डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में उठाया गया यह कदम अपराधों की विवेचना को अधिक प्रभावी बनाएगा। इससे जांच में लगने वाला समय कम होगा, वरिष्ठ अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से प्रकरणों की लगातार निगरानी कर सकेंगे और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने में भी मदद मिलेगी।