ग्वालियर। लोक कल्याण मेला अंतर्गत प्रधानमंत्री स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना के अंतर्गत शासन की मंशानुसार स्ट्रीट वेंडर्स को यूपीआई-लिंक्ड रुपे क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा बाल भवन सभागार, सिटी सेंटर में एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला अपर आयुक्त प्रदीप तोमर के निर्देशन में संपन्न हुई।
कार्यशाला में बताया गया कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत द्वितीय ऋण की सफलतापूर्वक अदायगी करने वाले पात्र पथ विक्रेताओं को यूपीआई-लिंक्ड रुपे क्रेडिट कार्ड प्रदान किया जाता है। इस कार्ड के माध्यम से छोटे व्यापारियों को आसान वित्तीय सुविधा उपलब्ध होती है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान पथ विक्रेताओं को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान प्रणाली के सुरक्षित उपयोग, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा क्रेडिट कार्ड के उपयोग एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यशाला में लगभग 250 पथ विक्रेताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण स्थल पर ही 55 पात्र पथ विक्रेताओं के पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड के लिए पंजीकरण भी किए गए। कार्यक्रम में एनयूएलएम नोडल अधिकारी अंकुर तोमर, सिटी मिशन मैनेजर श्रीमती संदीप राजपूत, वेद सिंह राजपूत, एनयूएलएम प्रभारी दीपक झा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।