जीडीए अध्यक्ष भदौरिया एवं उपाध्यक्ष शिवहरे ने टीडीएस-06 योजना क्षेत्र का निरीक्षण किया
ग्वालियर। ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया, उपाध्यक्ष वेद प्रकाश शिवहरे तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी डा. नरोत्तम भार्गव ने प्राधिकरण की प्रस्तावित टीडीएस-06 (भाटखेड़ी-रमऊआ) योजना क्षेत्र का निरीक्षण कर मुआयना लिया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष भदौरिया ने योजना के विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से अधिकारियों के साथा चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में मास्टर प्लान के अनुसार योजना क्षेत्र में लगभग 4.30 किलोमीटर लंबी एवं 18 मीटर चैड़ी सड़क तथा 1.70 किलोमीटर लंबी एवं 30 मीटर चैड़ी सड़क का निर्माण प्रस्तावित था। वर्तमान मास्टर प्लान के अनुरूप अब 18 मीटर चैड़ी सड़क के दोनों ओर 100-100 मीटर तथा 30 मीटर चैड़ी सड़क के दोनों ओर 200-200 मीटर क्षेत्र में समग्र एवं सुनियोजित विकास की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। प्राधिकरण का उद्देश्य इस क्षेत्र को आधुनिक नगरीय सुविधाओं से युक्त विकसित कर नागरिकों को भविष्य में बेहतर आवासीय, वाणिज्यिक एवं सामाजिक अधोसंरचना उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष भदौरिया ने तकनीकी एवं प्लानिंग अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के विकास हेतु आवश्यक कार्यवाही तत्काल प्रारंभ करते हुए योजना का प्रकाशन शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, जिससे क्षेत्र का समग्र एवं व्यवस्थित विकास हो सके तथा नागरिकों को उच्च स्तरीय सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो।