सिरोल पीएम आवास में एमआईजी फ्लैटों की रजिस्ट्री शुरू, 7 दुकानों की रजिस्ट्रियां पूर्ण
ग्वालियर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत सिरोल क्षेत्र में निर्मित आवासीय परियोजना के हितग्राहियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नगर निगम द्वारा सिरोल स्थित पीएम आवास परिसर में एमआईजी फ्लैटों की रजिस्ट्री प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही परिसर में निर्मित 7 व्यावसायिक दुकानों की रजिस्ट्रियां भी सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई हैं। चैथी एवं अंतिम किस्त जमा करने वाले हितग्राहियों को उनके नाम पर पंजीकृत स्वामित्व दस्तावेज सौंपे जा रहे हैं।
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बताया कि सिरोल की फूटी कॉलोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित 5 एमआईजी ब्लॉकों में कुल 312 फ्लैट्स बनाए गए हैं, जिनका निर्माण कार्य पूर्णतः सम्पन्न हो चुका है। अब इन तैयार आवासों की रजिस्ट्री सीधे हितग्राहियों के नाम पर की जा रही है, जिससे उनके अपने घर में प्रवेश का सपना साकार होने लगा है। उन्होंने बताया कि परियोजना में 6 एलआईजी ब्लॉकों का भी निर्माण किया जा रहा है, जिनमें कुल 384 फ्लैट्स शामिल हैं। सहायक यंत्री मनीष यादव के अनुसार एलआईजी ब्लॉकों का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में फिनिशिंग एवं रंग-रोगन का कार्य तेजी से जारी है, जिसे शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। सहायक यंत्रीयादव ने बताया कि एलआईजी ब्लॉकों में फिनिशिंग कार्य पूर्ण होते ही उनके आवंटियों के लिए भी रजिस्ट्री प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य सभी पात्र हितग्राहियों को बिना विलंब उनके आवासों का विधिवत स्वामित्व प्रदान करना है।