ग्वालियर मेला परिसर में 20 जुलाई से 31 अगस्त तक लगेगा श्रावण मेला

- व्यापार मेले के संचालक मंडल की 50वीं बैठक में लिया गया निर्णय
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा इस वर्ष श्रावण मेले का आयोजन किया जायेगा। यह मेला 20 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित किया गया है। ग्वालियर व्यापार मेले के संचालक मंडल की 50वीं बैठक शुक्रवार को मेला प्राधिकरण में अध्यक्ष अशोक जादौन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, मेला सचिव सुनील त्रिपाठी उपस्थित थे। 
संचालक मंडल की बैठक में मेला परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से राजमाता उद्यान से संस्कृति गार्डन तथा एमआईटीएस वाली रोड तक बाउण्ड्रीवॉल का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया है। इसके साथ ही गोदाम बस्ती के पास वाली भूमि का कॉमर्शियल उपयोग करने के लिये प्रस्ताव तैयार करने एवं एलओआई जारी कर आगामी बैठक में विषय रखने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही मेला आयोजन के दौरान प्रशासनिक भवन तैयार करने का निर्णय भी लिया गया है। मेले के दौरान महिलाओं के लिये पृथक से शौचालय निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मेला परिसर में 196 नवीन दुकानों के निर्माण कराने के निर्णय का भी अनुमोदन किया गया है। मेला परिसर में स्थित एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन सेंटर की मरम्मत एवं संधारण का कार्य कराने का भी निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही मेला परिसर में सुबह एवं शाम घूमने आने वाले लोगों के लिये वॉकिंग ट्रैक निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिये प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। बैठक में उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने पर्यावरण को दृष्टिगत रखते हुए मेला परिसर में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराने का प्रस्ताव रखा। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने वृहद वृक्षारोपण हेतु प्रस्ताव तैयार करने की बात कही। मेला परिसर में सौर ऊर्जा विकास के माध्यम से सोलर प्लांट लगाने का निर्णय भी लिया गया। 
ग्वालियर मेला प्रांगण में व्यापारिक संघ के साथ चर्चा कर आगामी मेले को और व्यवस्थित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में व्यापारी संघ द्वारा मेला अवधि 2 माह रखने, मीना बाजार को व्यवस्थित बनाने, मेला परिसर में महिला शौचालय, मेला अवधि में पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने, साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिये अपने अमूल्य सुझाव दिए गए। जिस पर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने अपनी सहमति प्रदान की एवं आगामी मेला को भव्य बनाने का आश्वासन दिया। बैठक में मेला व्यापारी संघ की ओर से महेन्द्र भदकारिया, बलवीर सिंह, महेश मुदगल, अनिल पुनियानी, उमेश उप्पल, अनुज गुर्जर, जगदीश उपाध्याय एवं पं. विजय कब्जू उपस्थित थे।

posted by Admin
47

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->