रोज की दोस्ती लेकिन अब आमने सामने कोषाध्यक्ष की दावेदारी में
(विनय अग्रवाल)
ग्वालियर। मप्र चेंबर आफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के चुनावों में विभिन्न पदों पर इस बार आमने सामने ऐसे मुकाबले है, जिसमें रिश्तेदारी व दोस्ती भी टकरा रही है। अब कोषाध्यक्ष पद को ही लें, कोषाध्यक्ष पद पर लड़ रहे व्हाईट हाउस के मनोज अग्रवाल बाबा व क्रियेटिव हाउस के अजय गोयल दोनों जिगरी दोस्त है, लेकिन चुनाव में अब आमने सामने हैं। मजे की बात तो यह है कि दोनों ने वैश्य महासम्मेलन, श्री अग्रवाल महासभा व अभी हाल ही में हुये धरोहर कार्यक्रम में साथ काम किया है और करते भी हैं। लेकिन अब चेंबर चुनावों में एक दूसरे को पटकनी देने में लगे हैं।
मैं 24 घंटे व्यापारियों की सेवा में तत्परः मनोज अग्रवाल बाबा
वहीं व्हाईट हाउस से 15 दिन पहले ही कोषाध्यक्ष पद के घोषित हुये उम्मीदवार मनोज अग्रवाल बाबा भी लगातार कान्फीडेंस से प्रचार अभियान में जुटे है। उनका कहना है कि धंधा सिर्फ रूपयों से नहीं सही रणनीति और मजबूत साख से बड़ा बनता हैं। मनोज अग्रवाल बाबा ने कहा कि वह व्यापारियों के बीच 24 घंटे सेवा करते हैं। मनोज अग्रवाल ने कहा कि कोषाध्यक्ष पद जैसे महत्वपूर्ण पद पर व्हाईट हाउस ने उन्हें जो सम्मान दिया है उसके लिये वह हरसंभव कार्य करेंगे और व्यापारी व चेंबर सदस्यों की समस्याओं से कभी मुंह नहीं मोड़ेंगे।
चेंबर में व्यापारियों की समस्याओं पर फोकसः अजय गोयल
क्रियेटिव हाउस के कोषाध्यक्ष प्रत्याशी के रूप में मुझ पर जो विश्वास हमारे हाउस संचालकों ने किया है कि उस पर मैं सभी का आभारी हूं। मेरी अपेक्षा रहेगी कि मैं उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरू, मुझे चेंबर सदस्यों का अपार स्नेह मिल रहा है, मेरी कोशिश होगी कि कोषाध्यक्ष पद मैं चेंबर में काफी कुछ व्यवस्थाओं में परिवर्तन व चेंबर कोष बढ़ाने में भी भूमिका अदा करूं। यह बात चेंबर आफ कामर्स के क्रियेटिव हाउस प्रत्याशी अजय गोयल ने सांध्यदेश डाट काम से चर्चा में कही। अजय गोयल ने कहा कि चेंबर व्यापारियों की प्रतिष्ठित संस्था है और मैं व्यापारियों की समस्यायें व उनकी मांगें उचित मंच पर उठाकर उनके लिये काम करना चाहता हूं। इसीलिये मैं चेंबर कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव मैदान में उतरा हूं।