क्रियेटिव के चेंबर प्रत्याशी घोषित, अध्यक्ष पद छोड़ा
- भाकर बोले, अध्यक्ष पर निर्दलीय योग्य को समर्थन दे सकते हैं
ग्वालियर। क्रियेटिव हाउस ने मप्र चेंबर आफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज चुनावों के लिये सोमवार देर सायं अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। हाउस के प्रमुख राधेश्याम भाकर ने विजय गोयल, हेमंत गुप्ता, मुकेश अग्रवाल व महेश मुदगल की उपस्थिति में संयुक्त अध्यक्ष पद पर सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष पद पर संदीप नारायण अग्रवाल, सचिव पद पर राकेश अग्रवाल रोम कम्प्यूटर, सह सचिव पद पर राकेश अग्रवाल श्रीराम गारमेंट व कोषाध्यक्ष पद पर अजय गोयल को चुनाव लड़ाने की घोषणा की है।
इस मौके पर पत्रकारों से चर्चा करते हुये क्रियेटिव हाउस के कोर प्रमुखों ने कहा कि हम अभी फिलहाल अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी नहीं उतार रहे है। इसके बारे में बाद में निर्णय लेंगे। राधेश्याम भाकर व विजय गोयल ने कहा कि हमने कुल मिलाकर क्रियेटिव हाउस से साफ सुथरी छवि के लोकप्रिय प्रत्याशियों को व्यापारियों के बीच चुनाव मैदान में उतारा हैं। यह प्रत्याशी ऐसे है जो सदैव व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिये उनके बीच रहते है। उन्होंने कहा कि हमने व्यापारियों के साथ छोटे व्यापारी व उघोग जगत से जुड़े लोगों को प्रत्याशी बनाया है, ताकि हम सभी क्षेत्रों में व्यापार उद्योग से आने वाली समस्याओं को उठा सकें। छोटे व्यापारी समूह को भी जोड़ने का प्रयास किया है।
हमारा अध्यक्ष प्रत्याशी नहीं आया तो योग्य को समर्थन देंगेः भाकर
क्रियेटिव हाउस के प्रमुख राधेश्याम भाकर ने एक सवाल के जबाब में कहा कि यदि हमारा प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर नहीं उतारा गया तो हम किसी भी योग्य प्रत्याशी या निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन दे सकते हैं। इस पर बाद में विजय गोयल ने कहा कि हम आगे की रणनीति समय के हिसाब से बनायेंगे। इस मौके पर जगदीश अग्रवाल, मयंक गर्ग, दिलीप अग्रवाल, बृजेश गोयल, मुकेश अग्रवाल इलैक्ट्रोनिक, दीपक जैन, कमल अग्रवाल, सत्येन्द्र गुप्ता आदि भी उपस्थित थे।