घरों पर जबरन लगाये जा रहे स्मार्ट मीटरः जिलाध्यक्ष यादव
- कांग्रेस ने किया बिजलीघर पर जंगी प्रदर्शन
ग्वालियर। प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा आम जनता पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपने, लगातार बढ़ती बिजली समस्याओं, घोषित-अघोषित बिजली कटौती, मनमाने और भारी-भरकम बिजली बिलों के माध्यम से किए जा रहे आर्थिक शोषण तथा मजदूर एवं गरीब वर्ग के परिवारों के बिजली कनेक्शन बेरहमी से काटे जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को सड़क पर उतरकर जनता की आवाज बुलंद की। कंाग्रेसजनों की आवाज को पुलिस प्रशासन के बेरीकेड्स भी नहीं रोक पाए।
शहर कांगेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव के नेतृत्व में हजारों नागरिक, महिलायें, बुजुर्ग और कांग्रेसजन महल गेट पर एकत्रित होकर पैदल मार्च करते हुए रोशनी घर पहुंचे, जहां कांग्रेस द्वारा हल्ला बोल विशाल जनआंदोलन एवं प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन के पश्चात प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग के नाम महाप्रबंधक विघुत वितरण कंपनी के माध्यम से बिजली की समस्याओं से निजात दिलाने के लिए मांग पत्र सौंपा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग के नाम सौेंपे ज्ञापन में कहा कि विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आम उपभोक्ताओं के घरों पर उनकी सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इन स्मार्ट मीटरों को लेकर आम जनता में भारी असंतोष एवं भय का वातावरण है। इसके अतिरिक्त महानगर में लगातार घोषित-अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम नागरिक, व्यापारी, छात्र एवं किसान सभी प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में बार-बार बिजली बाधित होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं विद्युत संबंधी शिकायतों के निराकरण में भी कंपनी द्वारा गंभीरता नहीं बरती जा रही है। अगर मांगों पर शीघ्र एवं सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो कंाग्रेस पार्टी जनता के हित में लोकतांत्रिक एवं जनांदोलनात्मक संघर्ष करने के लिए बाध्य होगी।
जंगी प्रदर्शन में विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, दशरथ सिंह पटेल, राहुल शर्मा, संजय सिंह राठौर, प्रभूदयाल जौहरे, इब्राहिम पठान, महाराज सिंह पटेल, राम पांडे, आर.पी. सिंह, अरूण केन, जेएच जाफरी, श्रीमती रश्मि पवार शर्मा, श्रीमती सीमा समाधिया, उदल सिंह यादव, हेवरन सिंह कंषाना, मंगल यादव, चतुर्भुज धनोलिया, हमीद खां उस्मानी, माठू यादव, श्रीमती मीनू परिहार, श्रीमती शांति कुशवाह, हरेन्द्र सिंह गुर्जर, अवधेश कौरव, प्रयाग सिंह गुर्जर, श्रीमती वीना भारद्वाज, श्रीमती गायत्री मंडेलिया, रामबाबू श्रीवास, सुधीर मंडेलिया, महेश मधुरिया, मेहरवान सिंह यादव, रविन्द्र सिंह भदौरिया, रमेश राजपूत, धर्मेद्र जैन, राजीव शर्मा, तरूण यादव, आदित्य सेंगर आदि उपस्थित थे।