(हितेन्द्र सिंह भदौरिया) ग्वालियर। गोल पहाड़िया, लक्ष्मीगंज क्षेत्र के निवासी श्री अलाउद्दीन लंबे समय से खाद्यान्न पात्रता पर्ची प्राप्त करने के लिए प्रयास कर रहे थे। उनकी यह प्रतीक्षित मांग ढोलीबुआ का पुल के समीप स्थित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-17 में बीते रोज आयोजित जनकल्याण शिविर में पूरी हुई। जैसे ही उन्हें खाद्यान्न पात्रता पर्ची प्राप्त हुई, उनकी खुशी देखते ही बन रही थी। भावुक होकर उन्होंने कहा, “अब हम भी शासकीय उचित मूल्य की दुकान से राशन प्राप्त कर सकेंगे।” पर्ची मिलने की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँच रहा है, जिससे आमजन का जीवन अधिक सुगम और सुरक्षित बन रहा है। अलाउद्दीन ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।